Dhule News: धुलिया में श्रद्धालुओं की कार पर पलटा ट्रक, वरणगांव में ट्रैक्टर पलटने से चालक और सात वर्षीय बेटे की मौत

धुलिया में श्रद्धालुओं की कार पर पलटा ट्रक, वरणगांव में ट्रैक्टर पलटने से चालक और सात वर्षीय बेटे की मौत
  • पलटा ट्रक तो कार हुई चकनाचूर, कोई जनहानि नहीं
  • वरणगांव में ट्रैक्टर पलटने से चालक और सात वर्षीय बेटे की मौत

Dhule News. मुंबई–आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से एक कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक डिवाइडर पर चढ़ते हुए पुणे से उज्जैन दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की कार पर पलट गया। गनीमत रही कि हादसे में कार सवार परिवार को कोई चोट नहीं आई, हालांकि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी के अनुसार, ट्रक कपड़ों का पाउडर भरकर इंदौर की ओर जा रहा था। जामनिया गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर उसने आगे चल रही कार को पीछे से टक्कर मार दी, जिसके बाद अनियंत्रित होकर ट्रक डिवाइडर पर चढ़ा और दूसरी कार पर पलट गया। कार में सवार पति, पत्नी और बच्चे पुणे से उज्जैन महाकाल दर्शन के लिए जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही बिजासन घाट पुलिस चौकी प्रभारी रोहित पाटीदार दलबल और हाइवे पेट्रोलिंग कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कर जांच शुरू की है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।



वरणगांव में ट्रैक्टर पलटने से चालक और सात वर्षीय बेटे की मौत

उधर वरणगांव के किन्ही वेल्हाला शिवार में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर चालक और उसके सात वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिद्धेश्वर नगर, वरणगांव निवासी संजय श्रवण साबले (उम्र 40), अक्षय संतोष मोरे (उम्र 24) और सात वर्षीय भूषण संजय साबले सहित कुछ लोग खाली ट्रैक्टर लेकर किन्ही वेल्हाला शिवार में गिट्टी मशीन से कचरा इकट्ठा करने जा रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे भुसावल तालुका पुलिस स्टेशन की सीमा में ट्रैक्टर चालक संजय साबले का वाहन पर से नियंत्रण खो गया और ट्रैक्टर सड़क किनारे पानी की नाली में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से संजय साबले और उनके सात वर्षीय बेटे भूषण की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अक्षय संतोष मोरे गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद आगे के इलाज के लिए जलगांव जिला सामान्य अस्पताल भेज दिया गया।वरणगांव ग्रामीण अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद देर रात दोनों मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

Created On :  

Tags

Next Story