बिहार के किसानों को खाद-बीज की कमी नहीं होने देंगे, उनके हित सरकार की प्राथमिकता विजय सिन्हा
पटना, 28 सितंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार पर लगाए गए आरोपों को लेकर सियासत तेज हो गई है। बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का अपमान करना कांग्रेस के चरित्र और डीएनए में समाया हुआ है।
बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "भारत सरकार के कृषि मंत्री के नेतृत्व में पूरे देशभर में मंगलवार को बैठक होगी। सोमवार को पदाधिकारियों की बैठक है। हम भी बैठक में शामिल होने जा रहे हैं। ये वासंतिक रबी के पूर्व की तैयारी है। किसानों के हित में, कैसे उनकी उपज और आमदनी बढ़े, प्राकृतिक खेती से कैसे जुड़े, इन सभी मुद्दों पर बात होगी।"
पितृपक्ष मेले को लेकर उन्होंने कहा कि पितृपक्ष मेला पितरों के प्रति श्रद्धा की अभिव्यक्ति का जो कार्य चलता है, ये सनातन संस्कृति के संस्कार को परिलक्षित करता है कि किस तरह से हम अपने पितरों के प्रति भी उनके अच्छे कार्यों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हैं और आने वाली पीढ़ी को संदेश भी देते हैं।
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि हम प्रकृति के पत्थर, पेड़ और नदी सबको पूजते हैं। हम प्रकृति में जितने जीव-जंतु हैं, उन सबको पिंड-पोषण के माध्यम से तृप्त और संतुष्ट करते हैं। ये मां भारती के संस्कारों को दर्शाता है और हर मां भारती का संतान अपने पूर्वजों के प्रति जो श्रद्धा रखते हैं, वो पिंडदान करने के लिए गयाजी में आते हैं। बिहार सरकार पूरी सेवाभाव से उनके स्वागत के लिए तैयार है।
बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर चिराग पासवान की टिप्पणी पर उन्होंने कहा कि सरकार पूरी सजगता से काम कर रही है। कृषि विभाग के अंदर फर्टिलाइजर के मामले में लोग किसान आंदोलन करते थे, लेकिन इस बार फर्टिलाइजर की कमी नहीं होने दिए हैं। एग्री स्टैक फार्मर आईडी के माध्यम से किसानों को खाद-बीज सबकुछ जो अनुदान का है, वो मिले ये सुनिश्चित करने में लगे हैं।
कृषि मंत्री ने कहा कि रिटेलर और होलसेलर दुकानदारों से मुलाकात की। हमने उनसे कहा है कि आपकी समस्या का समाधान करेंगे। इसके साथ ही हमने आदेश दिया है कि हर जिले के अंदर कृषि पदाधिकारी सुनिश्चित करें कि किन-किन रिटेलर और होलसेल वालों को कंपनी वाले खाद और पेस्टिसाइट पहुंचा रहे हैं और अगर नहीं पहुंच रहा है तो इसकी सूची कृषि जिला पदाधिकारी उपलब्ध कराए ताकि हम समीक्षा करें।
उन्होंने कहा कि ऐसे कंपनी जो भारत सरकार के निर्देश को नहीं मानेंगे, हमारे रिटेलर या होलसेलर को परेशान करेगा, हमारे किसान परेशानी से जूझेंगे और उन्हें हम बख्शेंगे नहीं। बिहार उनकी चरागाह नहीं बनेगा, ये सुनिश्चित करेंगे।
ज्ञानेश कुमार को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की टिप्पणी पर विजय कुमार सिन्हा ने कहा, "कांग्रेस हताशा और निराशा का शिकार है। संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति का अपमान करना कांग्रेस के चरित्र और डीएनए में समाया है। ये विकृत मानसिकता के लोग हैं जो कभी चुनाव आयोग, इनकम टैक्स, सीबीआई और न्यायालय पर प्रश्न उठाते हैं। ये संविधान विरोधी मानसिकता के लोग हैं और इन्हें जनता ने जवाब भी दिया है। जनता ने इन्हें सत्ता से उखाड़ फेंका है, फिर भी राहुल गांधी हमेशा संवैधानिक संस्था का अपमान कर जनता के विश्वास को खो देते हैं।"
बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूरे देश में कांग्रेस पार्टी द्वारा सभी राज्यों और प्रत्येक जिले में बड़ा धरना-प्रदर्शन किया गया है। चुनाव आयोग के ज्ञानेश कुमार की ओर से जो स्वीकारोक्ति हुई है और मीडिया में जो बातें सामने आई हैं, उससे यह स्पष्ट है कि खासकर फॉर्म-6 को लेकर धांधली हुई थी।
उन्होंने कहा कि लगातार आपत्तियां दर्ज कराने के बावजूद दोनों कमिश्नरों की बात नहीं सुनी गई। अब चुनाव आयोग के ज्ञानेश कुमार, जो अब तक डिनायल मोड में थे, उन्हें भी इस पर बयान देना पड़ा और मीडिया में यह बात कहनी पड़ी।
प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि हमारी लगातार मांग है कि ज्ञानेश कुमार ने देशद्रोही जैसा काम किया है, इसलिए उन पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। राहुल गांधी पिछले दो वर्षों से लगातार यह बात कह रहे थे और आज राहुल गांधी के बयान पर उस वक्त मुहर लग गई जब ज्ञानेश कुमार ने प्रेस रिलीज जारी कर इसे स्वीकार किया। सब कुछ स्पष्ट हो चुका है और चुनाव आयोग ने भी इस पर स्पष्टीकरण दे दिया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Sept 2026 7:33 PM IST












