राहुल गांधी ने रांची में आंदोलनकारी छात्रों से की बात, मांगों की सूची मांगी

राहुल गांधी ने रांची में आंदोलनकारी छात्रों से की बात, मांगों की सूची मांगी
झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ पिछले 13 दिनों से आंदोलन कर रहे छात्रों से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार की रात को फोन पर बातचीत की। करीब 10 मिनट तक चली इस बातचीत में उन्होंने छात्रों की समस्याएं सुनीं, आंदोलन को समर्थन दिया और उनकी मांगों की सूची व्हाट्सएप पर भेजने को कहा।

रांची, 6 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ पिछले 13 दिनों से आंदोलन कर रहे छात्रों से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार की रात को फोन पर बातचीत की। करीब 10 मिनट तक चली इस बातचीत में उन्होंने छात्रों की समस्याएं सुनीं, आंदोलन को समर्थन दिया और उनकी मांगों की सूची व्हाट्सएप पर भेजने को कहा।

रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना दे रहे छात्र नेताओं की राहुल गांधी से बातचीत रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष कुमार राजा के मोबाइल फोन के माध्यम से कराई गई। बातचीत के दौरान छात्रों ने भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक, लंबित नियुक्तियों और आंदोलन की मौजूदा स्थिति से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थी कई दिनों से धरना और अनशन पर बैठे हैं तथा भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग कर रहे हैं।

राहुल गांधी ने छात्रों से कहा कि वे अपनी सभी मांगों का विस्तृत ज्ञापन उन्हें व्हाट्सएप पर भेजें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह पूरे मामले पर झारखंड सरकार से बात करेंगे और छात्रों की मांगों के समाधान का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज सुनी जानी चाहिए और उनके साथ न्याय होना चाहिए।

इस बीच छात्रों ने सरकार के साथ प्रस्तावित वार्ता के लिए 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की सूची भी जारी कर दी। प्रतिनिधिमंडल में आठ छात्र प्रतिनिधियों के अलावा दो पत्रकार और एक अधिवक्ता को शामिल किया गया है। हालांकि, छात्रों ने स्पष्ट किया है कि सरकार के समक्ष केवल छात्र प्रतिनिधि ही अपनी मांगें रखेंगे। पत्रकार और अधिवक्ता केवल अभिभावक एवं मार्गदर्शक की भूमिका में मौजूद रहेंगे।

छात्रों ने यह भी दोहराया कि वे बंद कमरे में बातचीत नहीं करेंगे और वार्ता पूरी तरह पारदर्शी तथा सार्वजनिक होनी चाहिए। हालांकि, प्रतिनिधिमंडल की सूची सरकार को भेजे जाने के बावजूद देर रात तक वार्ता का समय और स्थान तय नहीं हो पाया।

बता दें कि जेपीएससी, जेएसएससी और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच, दोषियों पर कार्रवाई तथा भर्ती प्रक्रिया में व्यापक सुधार की मांग को लेकर छात्र 25 जुलाई से आंदोलनरत हैं। आंदोलनकारियों ने 7 अगस्त को विधानसभा मार्च का भी आह्वान किया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 Aug 2026 12:04 AM IST

Tags

Next Story