गंभीर और संवेदनशील नेता हैं राहुल-प्रियंका, देश लौटते ही जाएंगे वायनाड अखिलेश सिंह
पटना, 13 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने जम्मू-कश्मीर के राज्य का दर्जा, वायनाड भूस्खलन, राम मंदिर चढ़ावा विवाद और बिहार की राजनीति पर अपनी पार्टी का पक्ष रखा।
वायनाड में भूस्खलन के बाद लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के वहां नहीं जाने को लेकर हो रही आलोचना पर कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि संभव है दोनों नेता किसी कार्यक्रम के सिलसिले में देश से बाहर हों। राहुल गांधी-प्रियंका गांधी गंभीर और संवेदनशील नेता हैं तथा लौटने के बाद निश्चित रूप से वायनाड जाएंगे और प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे।
जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग पर उन्होंने कहा कि जब केंद्र सरकार ने राज्य का पुनर्गठन किया था, तब संसद के दोनों सदनों में आश्वासन दिया गया था कि एक-दो वर्ष के भीतर राज्य का दर्जा बहाल कर दिया जाएगा। ऐसे में वहां के लोगों की यह अपेक्षा पूरी तरह स्वाभाविक है।
राम मंदिर चढ़ावा मामले में कथित अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस सांसद ने गंभीर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकरण से देश की आस्था को ठेस पहुंची है। कांग्रेस की ओर से उन्होंने मांग की कि मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा न्यायाधीश की निगरानी में स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए ताकि पूरी सच्चाई सामने आ सके। साथ ही उन्होंने मौजूदा ट्रस्ट के सदस्यों को हटाकर नया ट्रस्ट गठित करने की भी मांग की।
बिहार के बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा द्वारा उम्मीदवार बदलने के फैसले पर अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि यह भाजपा के लिए परीक्षा की घड़ी है। अब तक भाजपा ने बिहार में जो भी चुनाव जीते हैं, वे नीतीश कुमार के नेतृत्व में जीते थे। पहली बार सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पार्टी की वास्तविक परीक्षा हो रही है। पहले जिस उम्मीदवार को टिकट दिया गया, उस पर भ्रष्टाचार के मामले दर्ज थे और नए उम्मीदवार के नाम को लेकर भी विवाद है। भाजपा इस उपचुनाव में सफलता हासिल नहीं कर पाएगी।
योग गुरु बाबा रामदेव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि वे इस बात से सहमत हैं कि कश्मीर के लोग बाहरी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यदि इतिहास में करीब 600 वर्ष पीछे जाएं तो कश्मीर में कई लोगों ने हिंदू धर्म से इस्लाम धर्म अपनाया था। उनके अनुसार, उनके अपने क्षेत्र में भी अतीत में धर्म परिवर्तन की घटनाएं हुई थीं।
बता दें कि योगगुरु बाबा रामदेव ने कहा कि कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया जाना चाहिए। देश में दो कानून नहीं चलने चाहिए। जल्दी ही देश में वह दिन आने वाला है जब देश में एक संविधान और एक कानून होगा। उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने कश्मीर की समस्या को 70 सालों तक उलझाकर रखा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   13 July 2026 3:01 PM IST












