UP News: ग्रेटर नोएडा में स्कॉर्पियो के अंदर युवक का शव मिलने से सनसनी, पास में पड़ा था तमंचा

ग्रेटर नोएडा में स्कॉर्पियो के अंदर युवक का शव मिलने से सनसनी, पास में पड़ा था तमंचा
गौतमबुद्ध नगर के सूरजपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब डेल्टा-3 ओ ब्लॉक की सर्विस रोड पर खड़ी एक स्कॉर्पियो एन कार के अंदर एक युवक का खून से लथपथ शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फोरेंसिक टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।

ग्रेटर नोएडा, 13 जुलाई (आईएएनएस)। गौतमबुद्ध नगर के सूरजपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब डेल्टा-3 ओ ब्लॉक की सर्विस रोड पर खड़ी एक स्कॉर्पियो एन कार के अंदर एक युवक का खून से लथपथ शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, फोरेंसिक टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जांच में कार के अंदर से एक तमंचा भी बरामद हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई की रात थाना सूरजपुर क्षेत्र में स्थानीय पुलिस की लेपर्ड टीम नियमित गश्त पर थी। गश्त के दौरान टीम साईं मंदिर गोल चक्कर से डेल्टा-3 ओ ब्लॉक तिराहे की ओर जा रही थी। इसी दौरान सर्विस रोड किनारे एक स्कॉर्पियो एन कार संदिग्ध अवस्था में खड़ी दिखाई दी। कार की पिछली और आगे की लाइटें जल रही थीं, जिससे पुलिसकर्मियों को संदेह हुआ।

लेपर्ड टीम ने पहले कार चालक को वाहन हटाने के लिए आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिसकर्मी जब कार के पास पहुंचे और अंदर देखा तो ड्राइविंग सीट पर बैठे व्यक्ति के शरीर से खून बहता हुआ दिखाई दिया। वहीं, उसके पास एक तमंचा भी पड़ा मिला। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल उच्च अधिकारियों और फोरेंसिक टीम को सूचना दी। घायल अवस्था में मिले व्यक्ति को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मृतक की पहचान सौराज पुत्र प्रेमराज के रूप में की है। वह मूल रूप से दिल्ली के ग्राम जुमरथपुर का निवासी था और वर्तमान में ग्रेटर नोएडा की मिग्सन ग्रीन सोसाइटी में रह रहा था। उसकी उम्र लगभग 36 वर्ष बताई गई है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम ने विस्तृत जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

सूरजपुर पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह आत्महत्या, हत्या या किसी अन्य परिस्थिति का मामला है, इसका खुलासा जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ मृतक की कॉल डिटेल, पारिवारिक और सामाजिक संबंधों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   13 July 2026 5:44 PM IST

Tags

Next Story