Tweesha Sharma-Deepika Nagar Case: ग्रेटर नोएडा में दीपिका-भोपाल में ट्विशा...शादी के बाद बेटियों ने क्यों की खुदकुशी? जानें दोनों कहानियों का दर्द

ग्रेटर नोएडा में दीपिका-भोपाल में ट्विशा...शादी के बाद बेटियों ने क्यों की खुदकुशी? जानें दोनों कहानियों का दर्द
ग्रेटर नोएडा में दीपिका नागर और भोपाल में ट्विशा शर्मा की मौत के बाद घरेलू हिंसा पर फिर सवाल खड़ा हो गया है।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल की ट्विशा शर्मा और ग्रेटर नोएडा की दीपिका नागर की मौत ने पूरे देश को झकझोर दिया है। दोनों की शादी को ज्यादा समय नहीं हुआ था लेकिन परिवारों का आरोप है कि दहेज की मांग और लगातार प्रताड़ना ने उनकी बेटियों की जिंदगी छीन ली। दोनों मामलों में शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगे हैं। एक तरफ ट्विशा रिटायर्ड जज के परिवार की बहू थी, तो दूसरी तरफ दीपिका के ससुराल वालों का भी इलाके में अच्छा प्रभाव बताया जा रहा है। अब दोनों परिवारों को सिर्फ इंसाफ का इंतजार है।

ग्रेटर नोएडा का मामला

ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में एक विवाहिता की मौत ने सभी को हिला दिया है। करीब 14 महीने पहले दीपिका की शादी बड़े धूमधाम से हुई थी। परिवार ने शादी में अपनी हैसियत से ज्यादा खर्च किया था लेकिन आरोप है कि शादी के बाद दहेज को लेकर उसे लगातार परेशान किया गया। मायके वालों का कहना है कि दीपिका मानसिक तनाव में रहने लगी थी। आखिरकार उसने घर की छत से कूदकर जान दे दी। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

शादी के बाद शुरू हुई परेशानी

जानकारी के मुताबिक, दीपिका की शादी केवल 14 महीने पहले ही हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी के शुरुआती कुछ महीने ठीक रहे, लेकिन बाद में दीपिका पर दहेज का दबाव बढ़ने लगा। आरोप है कि उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था। कई बार मारपीट भी हुई। परिवार का कहना है कि दीपिका रिश्ते को बचाने के लिए सब सहती रही, लेकिन हालात लगातार खराब होते गए। वहीं, परिवार ससुराल वालों पर हत्या का आरोप भी लगा रहा है।

छत से कूदकर दी जान

शनिवार रात सूचना मिली कि दीपिका ने मकान की छत से कूदकर जान दे दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव में भी इस घटना की चर्चा होती रही।

पति और ससुर गिरफ्तार

मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने दहेज प्रताड़ना समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया। पुलिस ने पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मोबाइल रिकॉर्ड और अन्य सबूत भी खंगाले जा रहे हैं।

भोपाल में ट्विशा शर्मा की मौत से मचा हड़कंप

नोएडा की रहने वाली 31 साल की ट्विशा शर्मा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी। समर्थ रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के बेटे हैं। परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही दहेज को लेकर ट्विशा को परेशान किया जाने लगा। 12 मई 2026 की रात ट्विशा ने अपनी मां को फोन कर कहा कि वह अब प्रताड़ना नहीं सह सकती। कुछ देर बाद सास का कॉल आया कि ट्विशा की हालत खराब है और उसे भोपाल एम्स ले जाया जा रहा है। उसी रात ट्विशा ने फांसी लगा ली। पोस्टमार्टम में मौत की वजह फांसी बताई गई, लेकिन शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं। परिवार अब कार्रवाई की मांग कर रहा है।

दोनों परिवारों को इंसाफ का इंतजार

ट्विशा और दीपिका की मौत में कई बातें एक जैसी नजर आ रही हैं। दोनों परिवार दहेज प्रताड़ना का आरोप लगा रहे हैं। दोनों महिलाओं के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। साथ ही, परिवारों को यह डर भी है कि कहीं दबाव के कारण उनकी बेटियों को इंसाफ न मिल पाए। अब इन दोनों मामलों ने दहेज और घरेलू हिंसा पर फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

Created On :   18 May 2026 2:04 PM IST

Tags

Next Story