NEET Paper Leak: नीट पेपर लीक मामले में राहुल गांधी ने साधा बीजेपी पर निशाना, शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करने पर किया सवाल

नीट पेपर लीक मामले में राहुल गांधी ने साधा बीजेपी पर निशाना, शिक्षा मंत्री को बर्खास्त करने पर किया सवाल
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक मामले में बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने एजुकेशन मिनिस्टर को हटाने की भी बात कही है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले में एक बार फिर से कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया है कि जब बार-बार परीक्षा के पेपर लीक हो रहे हैं, तो अब तक शिक्षा मंत्री के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई है।

क्या बोले राहुल गांधी?

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है। उन्होंने लिखा है कि साल 2024 में भी नीट परीक्षा का पेपर लीक हुआ था। उस समय न परीक्षा रद्द हुई और न ही किसी मंत्री ने जिम्मेदारी ली। मामले की जांच जांच एजेंसी को सौंप दी गई और एक कमेटी बनाकर मामला शांत करने की कोशिश हुई। अब 2026 में फिर वही हाल देखने को मिला। इस बार परीक्षा रद्द करनी पड़ी, लेकिन इसके बावजूद शिक्षा मंत्री अपने पद पर बने हुए हैं। राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि आखिर हर बार छात्रों का भविष्य दांव पर क्यों लगाया जा रहा है।

प्रधानमंत्री से पूछे सीधे सवाल

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी से तीन बड़े सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि आखिर देश में बार-बार पेपर लीक क्यों हो रहे हैं। सरकार 'परीक्षा पे चर्चा' तो करती है, लेकिन परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने के बाद चुप क्यों हो जाती है। साथ ही उन्होंने पूछा कि लगातार विवादों में घिरे शिक्षा मंत्री को अब तक हटाया क्यों नहीं गया।

राहुल गांधी ने सरकार पर लगाया आरोप

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार हर बार मामले को दबाने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि पहले सरकार लंबे समय तक चुप रहती है, फिर दोषियों को बचाने की कोशिश करती है और सवाल पूछने वालों पर हमला किया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि लाखों छात्रों की मेहनत और भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। राहुल गांधी के मुताबिक, शिक्षा व्यवस्था में भरोसा बनाए रखने के लिए जवाबदेही तय होना जरूरी है।

छात्रों का बढ़ता गुस्सा

नीट विवाद को लेकर छात्रों में भी नाराजगी लगातार बढ़ रही है। कई छात्र संगठनों ने परीक्षा एजेंसी के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने आरोप लगाया कि लगातार गड़बड़ियों की वजह से मेहनत करने वाले छात्रों का नुकसान हो रहा है। छात्रों ने शिक्षा मंत्री को हटाने और परीक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव की मांग की है।

Created On :   17 May 2026 4:26 PM IST

Tags

Next Story