Notice To Telegram: मुश्किल में टेलीग्राम! पाइरेटेड फिल्मों को जल्द से जल्द हटाने के निर्देश, सरकार ने दिया 15 दिन का अल्टीमेटम

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। ऑनलाइन फिल्मों और वेब सीरीज की चोरी को रोकने के लिए केंद्र सरकार की तरफ से मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर भी सख्ती दिखाई जा रही है। सरकार ने सख्ती दिखाते हुए प्लेटफॉर्म को नोटिस भेजा है और साफ तौर पर कहा है कि उसके जरिए फैल रही पाइरेसी वाले कंटेंट पर जल्द से जल्द कार्रवाई की जाए। साथ ही 15 दिनों के अंदर पूरी रिपोर्ट भी मांगी गई है।
सरकार ने जारी किए निर्देश
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने टेलीग्राम से कहा है कि प्लेटफॉर्म पर मौजूद पाइरेटेड फिल्में, वेब सीरीज, गाने और दूसरे कॉपीराइट वाले कंटेंट को पहचानने और हटाने का मजबूत इंतजाम किया जाए। सरकार ने ये भी कहा है कि सिर्फ शिकायत आने का इंतजार करना काफी नहीं है। प्लेटफॉर्म को खुद भी ऐसे कंटेंट पर नजर रखनी होगी और समय रहते उसे हटाने की व्यवस्था करनी होगी जिससे लोगों को ये चीजें आसानी से ना मिल पाएं।
शिकायत और कार्रवाई का मांगा हिसाब
सरकार ने टेलीग्राम से यह भी पूछा है कि अगर कोई फिल्म प्रोड्यूसर, ओटीटी प्लेटफॉर्म, ब्रॉडकास्टिंग ऑर्गनाइजेशन या इंवेस्टिगेटिव एजेंसी शिकायत करना चाहती है तो उसके लिए क्या व्यवस्था है। साथ ही यह जानकारी भी मांगी गई है कि शिकायत मिलने के बाद कितनी जल्दी कार्रवाई की जाती है। इसके अलावा बार-बार पाइरेटेड कंटेंट फैलाने वाले खातों, समूहों, चैनलों, बॉट और उनके पूरे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कदम उठाने को भी कहा गया है, ताकि ऐसे नेटवर्क दोबारा एक्टिव न हो सकें।
15 दिनों में देनी होगी रिपोर्ट
सरकार ने टेलीग्राम को 15 दिनों के अंदर कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। इस रिपोर्ट में बताना होगा कि चोरी वाले कंटेंट की पहचान करने, उसे रोकने और हटाने के लिए कौन-कौन से नए कदम उठाए गए हैं। अगर तय समय में जवाब नहीं दिया गया तो सरकार मौजूदा कानूनों के तहत आगे की कार्रवाई पर विचार कर सकती है। सरकार का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य एंटरटेनमेंट की दुनिया, ओटीटी मंच, प्रसारण संस्थाओं और कंटेंट बनाने वालों के अधिकारों की रक्षा करना है।
Created On :   4 July 2026 3:40 PM IST












