Uttarakhand News: राम मंदिर के बाद अब बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे पर उठे सवाल, दान में गड़बड़ी के आरोपों की होगी जांच

डिजिटल डेस्क, देहरादून। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे विवाद के बाद अब बद्रीनाथ धाम का नाम भी चर्चा में है। सोशल मीडिया पर मंदिर में चढ़ावे और दान से जुड़ी गड़बड़ी के आरोप लगाए गए हैं। इन दावों के सामने आने के बाद श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया है। समिति का कहना है कि बिना जांच किसी नतीजे पर नहीं पहुंचा जाएगा। सच सामने लाने के लिए जांच शुरू की जा रही है। अगर जांच में किसी कर्मचारी की गलती साबित होती है, तो उसके खिलाफ नियम के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आरोपों की होगी पूरी जांच
बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। इसके लिए जांच समिति बनाने के निर्देश दिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही तय होगा कि आरोप सही हैं या नहीं। यदि कोई कर्मचारी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
कर्मचारी को लेकर भी दी सफाई
अध्यक्ष ने कहा कि जिस कर्मचारी को सोशल मीडिया पर उनका निजी सचिव बताया जा रहा है, वह उनका निजी सचिव नहीं है। वह मंदिर समिति का नियमित सरकारी कर्मचारी है। वह पहले भी समिति के कई अध्यक्षों के साथ पर्सनल असिस्टेंट के तौर पर काम कर चुका है। इसलिए किसी भी तरह का फैसला जांच पूरी होने के बाद ही लिया जाएगा।
सीसीटीवी फुटेज देखी गई, लोगों से संयम रखने की अपील
मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मंदिर परिसर की सीसीटीवी फुटेज देखी गई। फुटेज पूरी तरह साफ नहीं थी, लेकिन मामले की जानकारी अध्यक्ष को दे दी गई है। संबंधित कर्मचारियों से जवाब मांगा जा रहा है। जांच समिति सभी सबूत और बयानों की जांच करेगी। अधिकारियों ने लोगों से अपुष्ट बातों पर भरोसा न करने और धार्मिक भावनाओं का सम्मान बनाए रखने की अपील की है।
Created On :   4 July 2026 11:57 AM IST












