राजस्थान बोर्ड 12वीं रिजल्ट साइंस स्ट्रीम से अनु यादव ने हासिल किए 98.33 प्रतिशत अंक, सिविल सेवा में जाने का सपना

राजस्थान बोर्ड 12वीं रिजल्ट साइंस स्ट्रीम से अनु यादव ने हासिल किए 98.33 प्रतिशत अंक, सिविल सेवा में जाने का सपना
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (आरबीएसई) ने मंगलवार को साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स स्ट्रीम के कक्षा 12वीं के परिणाम घोषित किए। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से नतीजे घोषित किए। इस साल साइंस और आर्ट्स स्ट्रीम में लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि कॉमर्स में लड़कों का प्रतिशत ज्यादा रहा।

जयपुर, 31 मार्च (आईएएनएस)। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (आरबीएसई) ने मंगलवार को साइंस, कॉमर्स और आर्ट्स स्ट्रीम के कक्षा 12वीं के परिणाम घोषित किए। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से नतीजे घोषित किए। इस साल साइंस और आर्ट्स स्ट्रीम में लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि कॉमर्स में लड़कों का प्रतिशत ज्यादा रहा।

राजस्थान की 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों में एक नाम अनु यादव का है। सीकर जिले के नीमकाथाना की रहने वाली अनु ने कक्षा 12वीं में साइंस (बायोलॉजी) स्ट्रीम से 98.33% अंक हासिल कर परिवार सहित क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

उन्होंने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "यह सब प्रतिदिन 8 से 10 घंटे पढ़ाई करने के बाद ही संभव हो पाया। मैं अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, निरंतर अध्ययन, शिक्षकों और दादा-दादी के मार्गदर्शन को देती हूं।" उन्होंने कहा, "परीक्षा के दौरान, मैंने पढ़ाई के प्रति फोकस बनाए रखने के लिए मोबाइल फोन का बिल्कुल भी उपयोग नहीं किया।" अनु आगे चलकर सिविल सर्विस की तैयारी करना चाहती हैं।

वहीं, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने राजस्थान 12वीं बोर्ड के नतीजे घोषित करने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, 7 केएन (श्री गंगानगर) की छात्रा निकिता ने आर्ट्स स्ट्रीम में 93.80 प्रतिशत अंक हासिल किए, लेकिन नतीजों से 11 दिन पहले, 20 मार्च को उसका निधन हो गया। उसे शुरू में बुखार हुआ था, बाद में उसे पीलिया हो गया और जब बीकानेर के एक अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था, तभी उसकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि निकिता के माता-पिता दिहाड़ी मजदूर हैं। उसके पिता, मंगल सिंह ने कहा, "हम अपनी बेटी के नतीजों से बहुत खुश हैं। उसने बहुत कड़ी मेहनत की थी और बहुत अच्छे अंक हासिल किए हैं।"

बता दें, इस साल राजस्थान 12वीं रिजल्ट में कुल पास प्रतिशत पिछले साल की तुलना में थोड़ा कम रहा। 2026 में, आर्ट्स में पास प्रतिशत 97.54 प्रतिशत, कॉमर्स में 98.50 प्रतिशत और साइंस में 97.52 प्रतिशत रहा। इसकी तुलना में, 2025 के नतीजे आर्ट्स में 97.78 प्रतिशत, कॉमर्स में 99.07 प्रतिशत और साइंस में 98.43 प्रतिशत थे।

राजस्थान बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षाएं 11 मार्च को खत्म हुई थीं, जिसमें कुल 9,10,009 छात्रों ने परीक्षा में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था। बोर्ड के इतिहास में यह पहली बार है कि 12वीं कक्षा के नतीजे मार्च में घोषित किए गए हैं। इससे पहले, आरबीएसई ने 24 मार्च को 10वीं कक्षा के नतीजे घोषित किए थे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   31 March 2026 10:09 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story