राजद विधायक फैसल रहमान पहुंचे मुख्यमंत्री आवास, नीतीश कुमार से की मुलाकात
पटना, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के सदस्य निर्वाचित होने के बाद उनके दिल्ली जाने और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद नई सरकार के गठन को लेकर प्रदेश में चर्चाओं का बाजार गर्म है। वहीं, गुरुवार को राजद विधायक फैसल रहमान के नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद सियासी पारा और चढ़ गया है।
राजद के विधायक फैसल रहमान द्वारा नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद सियासी हलचल मच गई है। ढाका विधानसभा से राजद के विधायक फैसल रहमान गुरुवार को अचानक मुख्यमंत्री आवास पहुंचे और मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने इसकी तस्वीर भी सोशल मीडिया में पोस्ट की है। उन्होंने इसकी जानकारी सार्वजनिक करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि ढाका क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर आज बिहार के माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी से शिष्टाचार भेंट की।
उन्होंने अपने पोस्ट में आगे लिखा है, "इस दौरान क्षेत्र के चौमुखी विकास हेतु सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई एवं बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री जी ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन दिया तथा क्षेत्र के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। मुझे पूर्ण विश्वास है कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से ढाका के विकास को नई गति मिलेगी और आमजन को इसका व्यापक लाभ प्राप्त होगा।"
बता दें कि हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव के दौरान राजद के विधायक फैसल रहमान ने मतदान नहीं किया था और अनुपस्थित थे। उन्होंने उस दौरान बताया था कि उनकी माता की तबीयत खराब होने के बाद वह उनके इलाज को लेकर दिल्ली में हैं। इसके बाद राजद ने अब तक इन पर कोई कार्रवाई नहीं की है। उल्लेखनीय है कि फैसल रहमान पहले जदयू में ही थे लेकिन पिछले विधानसभा चुनाव में उन्होंने ढाका से राजद के टिकट पर जीत दर्ज की थी। इस बीच, जदयू से उनकी नजदीकियों को लेकर कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
--आईएएनएस
एमएनपी/पीएम
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 April 2026 2:18 PM IST












