राजनगर एक्सटेंशन की क्लासिक सोसायटी में फ्लैट में लगी आग, फायर ब्रिगेड ने समय रहते पाया काबू
गाजियाबाद, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित क्लासिक सोसायटी में शनिवार दोपहर एक फ्लैट में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1:21 बजे की है, जब फायर कंट्रोल रूम पर आग लगने की सूचना प्राप्त हुई।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन कोतवाली से तत्काल कार्रवाई करते हुए अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में दो फायर टेंडर और एक वाटर ब्राउजर मौके के लिए रवाना किए गए। फायर टीम के घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि क्लासिक सोसायटी के डीएम 4 ब्लॉक के फ्लैट नंबर 201 (दूसरी मंजिल) के किचन और बेडरूम में आग लगी हुई थी।
आग तेजी से फैलने की स्थिति में थी, जिससे आसपास के फ्लैटों में भी खतरा पैदा हो गया था। मौके पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी भी पहुंच गए और उनके निर्देशन में राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। फायर सर्विस यूनिट ने तुरंत दो होज पाइप बिछाकर पंपिंग के जरिए आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई और समन्वय के चलते आग को फैलने से रोक लिया गया और आसपास के अन्य फ्लैटों को सुरक्षित बचा लिया गया। कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
हालांकि, आग से फ्लैट के अंदर रखे कुछ सामान को नुकसान पहुंचा। आग बुझाने के बाद टीम को मौके से दो सोने के कड़े, एक अंगूठी और जरूरी दस्तावेज सुरक्षित मिले, जिन्हें फ्लैट मालिक को सुपुर्द कर दिया गया। घटना के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर फायर सर्विस यूनिट वापस फायर स्टेशन कोतवाली लौट गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। हालांकि, शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 April 2026 5:48 PM IST












