राजस्थान के राजसमंद पुलिस ने युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने के लिए बनाई शॉर्ट फिल्म 'शिकंजा'
राजसमंद, 10 जुलाई (आईएएनएस)। युवाओं को नशे की लत से बचाने और उन्हें इसके गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए राजसमंद पुलिस ने एक सराहनीय पहल की है। पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देशन में 35 मिनट की शॉर्ट फिल्म 'शिकंजा' तैयार की गई है। इस फिल्म का उद्देश्य युवाओं को यह समझाना है कि नशा केवल एक बुरी आदत नहीं बल्कि ऐसा जाल है जो व्यक्ति, उसके परिवार और पूरे भविष्य को बर्बाद कर देता है।
कांकरोली स्थित सीने स्क्वेयर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान फिल्म 'शिकंजा' का प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल, जाह्नवी कला परिषद के पदाधिकारी, स्थानीय युवा कलाकार और बड़ी संख्या में युवा दर्शक मौजूद रहे। फिल्म में स्थानीय कलाकारों ने अभिनय किया है और नशे की लत के बढ़ते दुष्प्रभावों को बेहद प्रभावशाली ढंग से दिखाया गया है।
पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल, कांकरोली थानाधिकारी सरोज बैरवा और उपस्थित युवाओं ने इसे एक प्रेरणादायक और समाज को जागरूक करने वाली फिल्म बताया। सभी ने माना कि यह फिल्म युवाओं को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
मीडिया से बातचीत में एसपी हेमंत कलाल ने कहा कि 'शिकंजा' युवाओं को नशे के खतरों से अवगत कराने का एक प्रभावी माध्यम बनेगी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी कॉलेजों और उच्च कक्षाओं में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को यह फिल्म दिखाई जाएगी, ताकि वे समय रहते नशे के जाल से बच सकें।
एसपी हेमंत कलाल ने कहा कि फिल्म यह दिखाती है कि ड्रग्स की दुनिया कितनी खतरनाक होती है और इससे कैसे बचा जा सकता है। उन्होंने कहा, "युवाओं को लगता है कि वे केवल नशे का इस्तेमाल कर रहे हैं लेकिन सच्चाई यह है कि धीरे-धीरे नशा ही उनका इस्तेमाल करने लगता है।"
वहीं, फिल्म देखने आए एक युवा दर्शक ने कहा कि उन्हें यह फिल्म बेहद पसंद आई। उनके अनुसार, फिल्म में बहुत ही वास्तविक तरीके से दिखाया गया है कि किस तरह युवा धीरे-धीरे नशे की गिरफ्त में आ जाते हैं और फिर उससे बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो जाता है। उन्होंने कहा कि नशे की वजह से परिवार टूट जाते हैं, लोग चोरी जैसे अपराध करने लगते हैं और उनका पूरा भविष्य बर्बाद हो जाता है। उनके मुताबिक, इस फिल्म के जरिए समाज को एक बहुत अच्छा संदेश देने का प्रयास किया गया है।
यह उम्मीद की जा रही है कि 'शिकंजा' युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव समझाने और उन्हें इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 July 2026 11:31 AM IST












