राज्यसभा चुनाव को लेकर मंत्री अनिल कुमार का दावा, बोले-एनडीए गठबंधन के पक्ष में वोट करेंगे आरएलडी विधायक
लखनऊ, 29 सितंबर (आईएएनएस)। राज्यसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी के दावों के बीच उत्तर प्रदेश के मंत्री अनिल कुमार ने कहा है कि राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के विधायक एनडीए गठबंधन के पक्ष में मतदान करेंगे।
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री अनिल कुमार ने सपा के दावे पर कहा, "अगर कोई दावा कर रहा है, तो उसे रोका नहीं जा सकता लेकिन पहले भी राज्यसभा चुनाव हुए हैं। पिछली बार राष्ट्रीय लोकदल के सभी विधायकों ने एकमुश्त एनडीए गठबंधन के पक्ष में वोट किया था। इस बार भी हम एनडीए गठबंधन को ही वोट करेंगे। हमारी तरफ से उन्हें किसी तरह की गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए।"
उन्होंने इंडी गठबंधन की बैठक में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के शामिल नहीं होने के सवाल पर कहा कि यह उनका व्यक्तिगत निर्णय है कि वह बैठक में शामिल होते हैं या नहीं। अनिल कुमार ने एसआईआर को लेकर विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि एसआईआर कोई मुद्दा नहीं है। विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है और जनता लगातार एनडीए के पक्ष में मतदान कर रही है।
वहीं, गाजीपुर में भाजपा की राज्यसभा सदस्य डॉ. संगीता बलवंत ने उद्योग विभाग की ओर से आयोजित कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश योजना के तहत दर्जी के काम के लिए आयोजित स्किल ट्रेनिंग कार्यक्रम में करीब 250 महिलाएं प्रशिक्षण लेने पहुंचीं।
संगीता बलवंत ने कहा कि यह खुशी की बात है कि बड़ी संख्या में महिलाएं कौशल प्रशिक्षण से जुड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री का विजन पारंपरिक व्यवसायों को बढ़ावा देना, लोगों के कौशल को और बेहतर बनाना तथा प्रदेश और देश के नागरिकों को सशक्त बनाना है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बैलेट पेपर से चुनाव कराने संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए संगीता बलवंत ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "कहा जाता है कि खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे। जहां वे जीतते हैं, वहां सब कुछ सही रहता है और जब हारते हैं तो आरोप लगाने लगते हैं।"
उन्होंने कहा कि जब विपक्षी दलों को कहीं सफलता नहीं मिल रही है, तो उनके बीच आरोप-प्रत्यारोप लगाने की होड़ मची हुई है। राज्यसभा चुनाव और चुनाव प्रक्रिया को लेकर सत्तापक्ष और विपक्ष के नेताओं के बीच बयानबाजी जारी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 Sept 2026 10:17 PM IST












