राज्यसभा में उठा एकेजी भवन में पुलिस एंट्री का मुद्दा, माकपा सांसद ने मांगा जवाब
नई दिल्ली, 29 जुलाई (आईएएनएस)। केरल से माकपा सांसद डॉ. जॉन ब्रिटास ने दिल्ली स्थित माकपा मुख्यालय एकेजी भवन में दिल्ली पुलिस के प्रवेश का मुद्दा उठाया। बुधवार को उन्होंने राज्यसभा में कहा कि यह इस किसी एक दल का नहीं बल्कि सभी राजनीतिक दलों से जुड़ा विषय है।
उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी वर्ष 2021 के एक पुराने मामले में छात्र नेता आइशी की गिरफ्तारी करने माकपा के राष्ट्रीय मुख्यालय पहुंच गए। भारत का संसदीय लोकतंत्र बहुदलीय व्यवस्था पर आधारित है, लेकिन मंगलवार को एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई जब दिल्ली पुलिस की एक टीम माकपा के राष्ट्रीय मुख्यालय एकेजी भवन पहुंची।
उनके अनुसार पुलिस का उद्देश्य जेएनयू छात्रसंघ की पूर्व अध्यक्ष और छात्र नेता आइशी घोष को गिरफ्तार करना था। उन्होंने आरोप लगाया कि आइशी घोष का दोष केवल इतना था कि उन्होंने जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन में हिस्सा लिया था। ब्रिटास ने सदन में बताया कि वह स्वयं उस समय एकेजी भवन में मौजूद थे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पूछा कि वे एक राष्ट्रीय राजनीतिक दल के कार्यालय में किस अधिकार से दाखिल हुए हैं।
पुलिस ने उन्हें बताया कि आइशी घोष के खिलाफ एक मामला लंबित है। पूछने पर बताया गया कि यह मामला मामला वर्ष 2021 में जेएनयू परिसर में हुए एक प्रदर्शन से जुड़ा है। उन्होंने सदन में कहा कि पुलिस का इस तरह एक राजनीतिक दल के मुख्यालय में घुसना संसदीय लोकतंत्र और राजनीतिक दलों की स्वतंत्रता से जुड़ा गंभीर मामला है। माकपा सांसद ने कहा कि उन्हें दिल्ली पुलिस द्वारा कानून के अनुसार कार्रवाई करने पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन सबसे गंभीर बात यह थी कि पुलिसकर्मी बिना वर्दी के आए थे।
उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस के लिए स्पष्ट मानक संचालन प्रक्रिया है और गिरफ्तारी की कार्रवाई करने वाले अधिकारियों की पहचान स्पष्ट होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की कार्रवाई से युवाओं में भय का माहौल बनाने की कोशिश की जा रही है।
डॉ. ब्रिटास ने सभापति के माध्यम से केंद्रीय गृह मंत्री से पूरे घटनाक्रम पर सदन में स्पष्टीकरण देने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह केवल एक दल का मुद्दा नहीं बल्कि सभी राजनीतिक दलों और लोकतांत्रिक संस्थाओं से जुड़ा विषय है, इसलिए सरकार को इस मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।
--आईएएनएस
जीसीबी/एसके
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 July 2026 12:11 PM IST












