राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले से लेकर खाली पदों तक, ट्रस्ट की बैठक में उठेंगे कई मुद्दे महंत दिनेंद्र दास
अयोध्या, 22 जुलाई (आईएएनएस)। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक होने वाली है। इस बीच ट्रस्ट के सदस्य महंत दिनेंद्र दास महाराज ने बताया कि बैठक में चढ़ावा चोरी के मामले, ट्रस्ट के खाली पदों को भरने और मंदिर प्रशासन से जुड़े कई मुद्दों पर चर्चा होगी।
महंत दिनेंद्र दास महाराज ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि रामलला के स्थान पर कथित चोरी के विषय पर भी बैठक में बातचीत होगी। इसके बाद ट्रस्ट के तीन रिक्त पदों को भरने के मुद्दे पर चर्चा की जाएगी।
जब उनसे पूछा गया कि पिछली बैठक में कार्यवाहक महासचिव बनाए गए कृष्ण मोहन को ही स्थायी महासचिव बनाया जाएगा या किसी अन्य व्यक्ति को जिम्मेदारी दी जाएगी, तो महंत दिनेंद्र दास ने कहा कि अभी इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति इस पद पर नियुक्त हो, उसका चरित्र साफ होना चाहिए। वह किसी भी तरह की चोरी, धोखाधड़ी या आपराधिक गतिविधि में शामिल न हो और ट्रस्ट के कामकाज का पूरा हिसाब समाज के सामने रखे।
उन्होंने कहा कि ट्रस्ट में वही व्यक्ति उपयुक्त होगा जो रामलला के प्रति आस्था रखता हो और ईमानदारी से जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने पारदर्शिता को सबसे महत्वपूर्ण बताया और कहा कि मंदिर से जुड़े कार्यों और आर्थिक मामलों की जानकारी समय-समय पर समाज को दी जानी चाहिए।
सीईओ की नियुक्ति को लेकर पूछे गए सवाल पर महंत दिनेंद्र दास ने कहा कि उनके लिए सबसे पहले भगवान रामलला हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर में सुरक्षा और व्यवस्था पहले से मौजूद है। उनके हिसाब से सीईओ की कोई जरूरत नहीं है। हालांकि, ट्रस्ट जो निर्णय लेगा, वह सभी सदस्यों की सहमति से लिया जाएगा।
वहीं, राम जन्मभूमि मामले से जुड़े रहे इकबाल अंसारी ने भी ट्रस्ट की बैठक को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट में नए लोगों के आने का स्वागत किया जाना चाहिए और अयोध्या के लोगों पर विश्वास रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले जो गलतियां हुई हैं, उनमें सुधार होना जरूरी है।
इकबाल अंसारी ने राम मंदिर से जुड़े धन के कथित दुरुपयोग पर कहा कि श्रद्धालु भगवान के प्रति आस्था से दान देते हैं। इस धन का इस्तेमाल धार्मिक और जनकल्याण के कार्यों में होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने इस धन का गलत इस्तेमाल किया है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 July 2026 12:14 PM IST












