रांची फंदे से लटकी मिली शख्स की लाश, चार दिन पहले की थी पत्नी की गोली मारकर हत्या

रांची  फंदे से लटकी मिली शख्स की लाश, चार दिन पहले की थी पत्नी की गोली मारकर हत्या
रांची में चार दिन पहले पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी शख्स की लाश फंदे से लटकी हुई मिली है। शख्स का नाम तौकिर अंसारी है, जो डोरंडा थाना क्षेत्र के मनीटोली वारिस चौक इलाके का रहने वाला था।

रांची, 28 जनवरी (आईएएनएस)। रांची में चार दिन पहले पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी शख्स की लाश फंदे से लटकी हुई मिली है। शख्स का नाम तौकिर अंसारी है, जो डोरंडा थाना क्षेत्र के मनीटोली वारिस चौक इलाके का रहने वाला था।

पुलिस के अनुसार, 24 जनवरी की दोपहर तौकिर अंसारी ने अपनी पत्नी तरन्नुम परवीन की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। इस संबंध में डोरंडा थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया था और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।

इसी बीच मंगलवार की देर रात तौकिर अंसारी की फंदे से लटकी हुई लाश बरामद की गई। डोरंडा थाना पुलिस ने बताया कि मृतका तरन्नुम परवीन के भाई मो. मोजाहिद की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत में कहा गया था कि 24 जनवरी को तौकिर की चाची ने फोन कर उन्हें बहन की हत्या की सूचना दी।

इसके बाद जब मोजाहिद बहन के घर पहुंचे तो उनके भांजे अरहाम ने बताया कि उसके पिता ने मां के सिर में गोली मारी और बाद में शव को बिस्तर पर लिटाकर हाथ में बंदूक रख दिया। प्राथमिकी में यह भी आरोप लगाया गया था कि तौकिर अंसारी अपनी पत्नी को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था।

बताया गया कि उसका एक महिला से कथित संबंध था, जिसका तरन्नुम परवीन विरोध करती थी। इसी विवाद को हत्या की मुख्य वजह बताया गया था। इस मामले में तौकिर अंसारी के साथ-साथ महिला को भी नामजद आरोपी बनाया गया था।

पुलिस ने हत्या के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई ठिकानों पर छापेमारी की थी। हालांकि, इससे पहले ही आरोपी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 Jan 2026 1:26 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story