रांची जगन्नाथपुर मंदिर में सुरक्षाकर्मी की हत्या, विपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना, सड़क पर उतरे लोग

रांची जगन्नाथपुर मंदिर में सुरक्षाकर्मी की हत्या, विपक्ष ने सरकार पर साधा निशाना, सड़क पर उतरे लोग
रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में सुरक्षाकर्मी की हत्या और लूटपाट की घटना लेकर विपक्षी दलों ने जहां राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। वहीं आदिवासी संगठनों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया है।

रांची, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। रांची के ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर में सुरक्षाकर्मी की हत्या और लूटपाट की घटना लेकर विपक्षी दलों ने जहां राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। वहीं आदिवासी संगठनों ने सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया है।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने घटना पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि राजधानी के उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्र में स्थित मंदिर में इस तरह की वारदात पुलिस की विफलता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल के आसपास विधानसभा और हाईकोर्ट जैसे महत्वपूर्ण संस्थान मौजूद हैं, इसके बावजूद अपराधियों द्वारा मंदिर में घुसकर हत्या करना गंभीर सवाल खड़े करता है।

मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से चुप्पी तोड़ने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इस घटना को राज्य की खराब कानून-व्यवस्था का उदाहरण बताते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जब राजधानी के प्रमुख और सुरक्षित माने जाने वाले धार्मिक स्थल ही असुरक्षित हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

दास ने सरकार को निष्क्रिय बताते हुए राज्य में बढ़ते अपराध पर चिंता जताई। घटना के विरोध में शुक्रवार को विभिन्न आदिवासी संगठन भी सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर विरोध जताया और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि अपराधियों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि अब वे मंदिर जैसे पवित्र स्थानों को भी निशाना बना रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार देर रात करीब 11 बजे एक व्यक्ति मंदिर परिसर में दाखिल हुआ और वहां ड्यूटी पर तैनात गार्ड बिरसा मुंडा की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने दान पेटी का ताला तोड़कर करीब पांच लाख रुपये से अधिक की नकदी लेकर फरार हो गया। घटना की पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। शुक्रवार सुबह जब स्थानीय लोग पूजा के लिए मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने गार्ड का शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने हत्या के एक कथित आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 April 2026 5:03 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story