रांची के डेयरी फार्म में जमीन विवाद को लेकर व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

रांची, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। रांची के मांडर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात गुरुवार देर रात रात टिको गांव स्थित एक डेयरी फार्म में हुई। मृतक की पहचान सेवाड़ी गांव निवासी राम उरांव के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में नामजद छह आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, राम उरांव का ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के एडरा गांव निवासी कारु सिंह के साथ पिछले कई वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते गुरुवार रात कारु सिंह हथियार लेकर टिको गांव स्थित बालचंद महतो के डेयरी फार्म पहुंचा। वहां उसने डेयरी मालिक से राम उरांव के आने के बारे में जानकारी ली।
बताया गया कि कुछ देर बाद जैसे ही राम उरांव डेयरी फार्म पहुंचे, कारु सिंह ने उन पर गोली चला दी। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पश्चिम दिशा की ओर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद मांडर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में आरोपियों ने आपसी विवाद के कारण घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, शेष तीन नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस घटना में इस्तेमाल हथियार और वारदात में शामिल लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
--आईएएनएस
एसएनसी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
