रांची में सीएम आवास घेरने निकले 'झारखंड आंदोलनकारियों' को पुलिस ने रोका, विरोध में भूख हड़ताल पर बैठे लोग

रांची में सीएम आवास घेरने निकले झारखंड आंदोलनकारियों को पुलिस ने रोका, विरोध में भूख हड़ताल पर बैठे लोग
अलग झारखंड राज्य के गठन के लिए चले लंबे आंदोलन में भाग वाले लोगों ने बुधवार को अपनी मांगों को लेकर रांची में शक्ति प्रदर्शन किया। झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के बैनर तले राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें सिदो-कान्हो पार्क के पास बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इसके बाद आंदोलनकारी सड़क पर धरने पर बैठ गए।

रांची, 10 जून (आईएएनएस)। अलग झारखंड राज्य के गठन के लिए चले लंबे आंदोलन में भाग वाले लोगों ने बुधवार को अपनी मांगों को लेकर रांची में शक्ति प्रदर्शन किया। झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के बैनर तले राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे आंदोलनकारियों ने मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें सिदो-कान्हो पार्क के पास बैरिकेडिंग कर रोक दिया। इसके बाद आंदोलनकारी सड़क पर धरने पर बैठ गए।

ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक मांदर की थाप के साथ मोरहाबादी मैदान से निकले आंदोलनकारियों का कहना था कि झारखंड राज्य के निर्माण के लिए वर्षों तक संघर्ष करने वाले लोगों को आज भी अपेक्षित सम्मान और अधिकार नहीं मिले हैं। वे राजकीय मान्यता, सम्मानजनक पेंशन, मुआवजा तथा आश्रितों के लिए सरकारी नौकरी और रोजगार की मांग कर रहे हैं।

मोर्चा के प्रधान सचिव पुष्कर महतो के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार उनकी मांगों को लंबे समय से नजरअंदाज कर रही है। उनका कहना था कि अलग राज्य के आंदोलन में हजारों लोगों ने भागीदारी की और कई लोगों ने बलिदान दिया, लेकिन राज्य गठन के 25 वर्ष बाद भी आंदोलनकारियों की स्थिति संतोषजनक नहीं है।

प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए आंदोलनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें आगे बढ़ने से रोका गया और सम्मानजनक व्यवहार नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि वे किसी विशेष सुविधा की नहीं, बल्कि अपने योगदान की आधिकारिक पहचान और सम्मान की मांग कर रहे हैं।

आंदोलनकारी नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य के विभिन्न जिलों से रांची आने वाले कुछ लोगों को रास्ते में रोका गया और कुछ को हिरासत में लिया गया। हालांकि प्रशासन की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

आंदोलन को और तेज करने के लिए 17 आंदोलनकारी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। आंदोलनकारियों ने कहा कि झारखंड केवल एक भौगोलिक इकाई नहीं, बल्कि लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। इसलिए राज्य निर्माण में भूमिका निभाने वाले लोगों की मांगों पर त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 Jun 2026 1:42 PM IST

Tags

Next Story