रांची में हाईवे पर महिलाओं की गाड़ी पर हमला कानून-व्यवस्था की विफलता बाबूलाल मरांडी

रांची में हाईवे पर महिलाओं की गाड़ी पर हमला कानून-व्यवस्था की विफलता बाबूलाल मरांडी
झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची के दशम फॉल क्षेत्र और राष्ट्रीय राजमार्ग पर महिलाओं के साथ हुई बदसलूकी एवं हमले की घटना को राज्य की कानून-व्यवस्था की गंभीर विफलता करार दिया है। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

रांची, 8 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची के दशम फॉल क्षेत्र और राष्ट्रीय राजमार्ग पर महिलाओं के साथ हुई बदसलूकी एवं हमले की घटना को राज्य की कानून-व्यवस्था की गंभीर विफलता करार दिया है। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

सोशल मीडिया पर बुधवार को जारी अपनी प्रतिक्रिया में मरांडी ने कहा कि राजधानी रांची के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिनदहाड़े महिलाओं की कार का कई किलोमीटर तक पीछा करना, उन्हें डराना-धमकाना और हमला करना बेहद भयावह और चिंताजनक है। ऐसी घटनाएं राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था की स्थिति को उजागर करती हैं।

उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं ने घटना के दौरान डायल-100 पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी थी, लेकिन समय पर कोई सहायता नहीं मिली। मरांडी ने सवाल उठाया कि जब राजधानी के आसपास पुलिस की यह स्थिति है, तो दूरदराज के इलाकों में महिलाओं की सुरक्षा का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।

नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से मामले की त्वरित एवं निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने तथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

उल्लेखनीय है कि जमशेदपुर से हजारीबाग जा रही तीन महिलाओं की कार को बुंडू-सूर्यमंदिर मार्ग के पास एक स्कॉर्पियो वाहन ने कथित तौर पर टक्कर मार दी थी। विरोध करने पर स्कॉर्पियो सवार दो युवकों ने कार का कई किलोमीटर तक पीछा किया।

आरोप है कि बीच रास्ते में उन्होंने कार रुकवाकर पत्थर से उसका शीशा तोड़ दिया, जिससे चालक घायल हो गया। घटना दशम फॉल थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 July 2026 10:07 PM IST

Tags

Next Story