राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 'नशे को ना कहें' थीम पर दिल्ली पुलिस की मोटरसाइकिल रैली रवाना, 1300 किमी का सफर करेगी टीम

राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 नशे को ना कहें थीम पर दिल्ली पुलिस की मोटरसाइकिल रैली रवाना, 1300 किमी का सफर करेगी टीम
दिल्ली पुलिस की मोटरसाइकिल टुकड़ी को राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही राष्ट्रव्यापी मोटरसाइकिल रैली में भाग लेने के लिए सोमवार को पुलिस मुख्यालय से रवाना किया गया। दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में दल को हरी झंडी दिखाई।

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की मोटरसाइकिल टुकड़ी को राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित की जा रही राष्ट्रव्यापी मोटरसाइकिल रैली में भाग लेने के लिए सोमवार को पुलिस मुख्यालय से रवाना किया गया। दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में दल को हरी झंडी दिखाई।

यह रैली 'नशे को ना कहें' थीम पर आयोजित की जा रही है, जिसका उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त भारत का संदेश फैलाना है। कार्यक्रम का समन्वय केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा उत्तरी क्षेत्र के राज्यों और अन्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के सहयोग से किया जा रहा है।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री 21 अक्टूबर को राष्ट्रीय पुलिस स्मारक से इस राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली को औपचारिक रूप से रवाना करेंगे। रैली में दिल्ली पुलिस, विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की पुलिस इकाइयों तथा सीएपीएफ की टीमें हिस्सा लेंगी।

प्रतिभागी लगभग 1,300 किलोमीटर की यात्रा कर गुजरात के एकता नगर (केवडिया) पहुंचेंगे। यात्रा के दौरान जयपुर, अजमेर, उदयपुर और गांधीनगर में रात्रि विश्राम किया जाएगा। रैली के 25 अक्टूबर को एकता नगर पहुंचने का कार्यक्रम है, जहां देशभर से आए दल एकत्र होंगे।

यात्रा के दौरान पुलिस दल स्थानीय पुलिस के सहयोग से शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम चलाएंगे। इसके तहत नशीली दवाओं के सेवन के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी जाएगी और युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा।

राष्ट्रीय स्तर का मुख्य कार्यक्रम 31 अक्टूबर को गुजरात स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी में आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री की उपस्थिति प्रस्तावित है। इस अवसर पर विभिन्न राज्यों से पहुंचे मोटरसाइकिल दल परेड में भी हिस्सा लेंगे।

दिल्ली पुलिस के दल में कुल आठ मोटरसाइकिल सवार शामिल हैं, जिनमें पांच मुख्य और तीन आरक्षित सवार हैं। उनकी सुरक्षा के लिए विशेष राइडिंग गियर उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा, लॉजिस्टिक और प्रशासनिक सहायता के लिए ट्रक, एर्टिगा और मिनीबस जैसे सहायक वाहन भी दल के साथ रहेंगे।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि लद्दाख, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, हरियाणा और पंजाब की टीमों को दिल्ली की न्यू पुलिस लाइंस में ठहराया गया है तथा उनके रहने और भोजन की व्यवस्था की गई है।

पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज, विशेषकर युवाओं में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना और नागरिकों को नशीले पदार्थों से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। इंडिया गेट और लाल किला जैसे प्रमुख स्थलों पर भी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   19 Oct 2026 9:06 PM IST

Tags

Next Story