बॉलीवुड: नीतू कपूर के जन्मदिन पर बेटी रिद्धिमा का इमोशनल पोस्ट, ' मां आप सारी खुशियों की हकदार हो'

मुंबई, 8 जुलाई (आईएएनएस)। रिद्धिमा कपूर ने अपनी मां और दिग्गज अभिनेत्री नीतू कपूर को उनके 67वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी। उन्होंने अपनी मां को एक 'शानदार महिला' बताया और कहा कि वह दुनिया की हर खुशी की हकदार हैं।
रिद्धिमा कपूर ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो कोलाज शेयर किया। इस वीडियो में वह अपनी मां नीतू कपूर, भाई रणबीर कपूर, भाभी आलिया भट्ट और अपने दिवंगत पिता ऋषि कपूर के साथ नजर आ रही हैं।
वीडियो को शेयर करते हुए रिद्धिमा ने कैप्शन में लिखा, "मां, आप सबसे शानदार महिला हो, जिसे मैं जानती हूं। हर दिन खुद को खुशकिस्मत मानती हूं कि आप मेरी मां हो। आप दुनिया की सारी खुशियों की हकदार हो, आज भी और हमेशा। मैं आपको सबसे ज्यादा प्यार करती हूं। जन्मदिन मुबारक हो, मां।"
फैंस की ओर से नीतू कपूर को सोशल मीडिया के जरिए जन्मदिन की बधाइयों का सिलसिला जारी है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो नीतू कपूर जल्द ही कॉमेडी किंग कपिल शर्मा की अगली फिल्म में नजर आएंगी, जिसकी शूटिंग शिमला की खूबसूरत जगहों पर हुई है। खास बात यह है कि इस फिल्म में रिद्धिमा बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं। फिल्म का निर्देशन आशीष आर. मोहन कर रहे हैं। फिलहाल फिल्म का टाइटल अभी तय नहीं किया गया है। इसका अस्थायी नाम डीकेएस रखा गया है।
एक्ट्रेस के करियर पर नजर डालें तो नीतू सिंह ने 8 साल की उम्र में फिल्म 'सूरज' से बॉलीवुड डेब्यू किया था। इसमें वैजयंती माला और राजेंद्र कुमार लीड रोल में नजर आए थे। यह फिल्म हिट रही। इसके बाद बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट उन्होंने 'दस लाख' (1966), 'वारिस' (1969), और 'घर घर की कहानी' जैसी फिल्में कीं। लेकिन उन्हें असली पहचान 1968 में आई फिल्म 'दो कलियां' से मिली। इसमें एक्टर बिश्वजीत चटर्जी और माला सिन्हा थे। फिल्म की कहानी में बिश्वजीत और माला सिन्हा की जुड़वा बेटियां होती हैं, जिनका रोल नीतू सिंह ने निभाया था। इस फिल्म को लोग आज भी काफी पसंद करते हैं।
बतौर लीड एक्ट्रेस उनकी पहली फिल्म 'रिक्शावाला' (1973) थी। इसमें वह रणधीर कपूर के साथ नजर आई थीं। उन्होंने 'यादों की बारात', 'रफू चक्कर', 'दीवार', 'परवरिश', 'जानी दुश्मन', 'काला पत्थर', 'खेल खेल में', 'अमर अकबर एंथनी', 'याराना', 'धरम वीर' और 'कभी कभी' जैसी फिल्में सुपरहिट की।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 July 2025 12:32 PM IST