राजनीति: नीतीश के जमाने में वसूली बराबर होती रही, बस एजेंट बदल जाते हैं सुधाकर सिंह

नीतीश के जमाने में वसूली बराबर होती रही, बस एजेंट बदल जाते हैं  सुधाकर सिंह
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद सुधाकर सिंह ने रविवार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के उस बयान का बचाव किया जिसमें उन्होंने बिहार में "डीके टैक्स" का आरोप लगाया था।

पटना, 12 जनवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सांसद सुधाकर सिंह ने रविवार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के उस बयान का बचाव किया जिसमें उन्होंने बिहार में "डीके टैक्स" का आरोप लगाया था।

राजद सांसद ने यहां पत्रकारों से चर्चा के दौरान आरोप लगाया, "नीतीश के जमाने में वसूली बराबर होती रही। समय-समय पर एजेंट जरूर बदल जाते हैं, वसूली हमेशा चलती है। तेजस्वी यादव ने ठीक कहा कि पहले 'आरसीपी' थे अब 'डीके' हैं, यह नई बात नहीं है। फिलहाल वसूली एजेंट 'डीके' हैं।"

सुधाकर सिंह ने स्पष्ट कहा कि नीतीश कुमार "नाममात्र के मुख्यमंत्री" हैं। बीपीएससी मुद्दे को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर आरोप लगाया कि वह लंबे समय से नौकरी बेचने का काम करते रहे हैं। यह कोई नई बात नहीं है। दर्जनों बार पेपर लीक हुआ, दर्जनों बार हंगामा हुआ। अब नीतीश कुमार को हटाना ही विकल्प है।

उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को बचाना है तो नीतीश को हटाना होगा और दूसरा कोई विकल्प नहीं है।

दरअसल, हाल ही में तेजस्वी यादव ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा था कि बिहार में न तो डीजीपी की चलती है और न ही मुख्य सचिव की कुछ चल रही है। वो सजा कर रखने वाला पद भी नहीं रह गया। मुख्यमंत्री कहीं जाते हैं तो इनको बुलाते भी नहीं हैं। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बिहार चलाने का काम रिटायर अधिकारी ही कर रहे हैं। बिहार में अभी ‘डीके टैक्स’ चल रहा है। बिहार में वसूली और अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग में हेराफेरी चल रही है।

दिल्ली विधानसभा चुनाव पर सुधाकर सिंह ने कहा कि भाजपा वहां हारेगी। अरविंद केजरीवाल के बिहारियों को अपमान करने से जुड़े एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि भाजपा का आईटी विंग तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर मुद्दा बना देता है। उनके बयान को इसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए। फर्जी मतदाता बढ़े हैं, इसकी पुष्टि हुई है। उनके क्षेत्र में मतदाता बढ़े हैं, यह बात सही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   12 Jan 2025 8:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story