आरएलजेपी की जिम्मेदारी युवाओं के हाथों में सौंपेंगे पशुपति पारस
पटना, 2 मार्च (आईएएनएस)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (आरएलजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पशुपति पारस ने पार्टी में युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने का बड़ा फैसला लिया है। आरएलजेपी ने चंदन सिंह को बिहार प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है।
पशुपति पारस ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "आज का दिन बहुत शुभ है। चैत्र माह की अंतिम पूर्णिमा है। हमने फैसला लिया है कि पार्टी की जितनी भी बड़ी जिम्मेदारियां हैं, उन्हें हम युवाओं के हाथों में सौंप देंगे।" उन्होंने जोर देकर कहा कि आरएलजेपी बिहार में नई राजनीति की शुरुआत करना चाहती है। पार्टी का लक्ष्य युवा ऊर्जा के साथ बिहार की राजनीति को नया आयाम देना है।
पशुपति पारस ने आगे बताया कि पार्टी 14 अप्रैल से व्यापक सदस्यता अभियान शुरू करेगी। उन्होंने कहा, "हम छह महीने के अंदर आरएलजेपी को बिहार की मुख्यधारा की राजनीति में मजबूती से स्थापित कर देंगे।" यह फैसला पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और युवा नेताओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राजद नेता तेजस्वी यादव के केरल दौरे पर दिए गए बयान पर पशुपति पारस ने सवाल उठाया। तेजस्वी यादव ने केरल में कहा था कि वे 'देश के सबसे गरीब राज्य' बिहार से आते हैं। इस पर पारस ने कहा, "तेजस्वी यादव अपने मन से ऐसा बयान नहीं देंगे। उन्होंने सर्वे रिपोर्ट को ध्यान में रखकर बोला होगा।"
पारस ने स्वीकार किया कि बिहार में गरीबी, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार की समस्या है, जिसे झुठलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा, "बिहार में अभी भी गरीबी है, और राज्य उतना उन्नत नहीं हुआ जितना होना चाहिए था।" हालांकि, उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ भी की। पारस ने कहा, "नीतीश कुमार ने बिहार का विकास किया है, इसमें कोई दो राय नहीं। जिसने काम किया, उसकी तारीफ करनी चाहिए।"
इस मुद्दे पर लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। पत्रकारों से बात करते हुए चिराग पासवान ने कहा, "विपक्ष दूसरे राज्यों में जाकर चुनावी फायदे के लिए अपने ही राज्य की छवि खराब कर रहा है। वे बिहार को सबसे गरीब राज्य बता रहे हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 April 2026 10:08 PM IST












