राऊज एवेन्यू कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में सुकेश चंद्रशेखर को दी जमानत, अभी जेल में ही रहेगा

राऊज एवेन्यू कोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग केस में सुकेश चंद्रशेखर को दी जमानत, अभी जेल में ही रहेगा
राऊज एवेन्यू कोर्ट ने मंगलवार को “2 पत्ती” चुनाव चिह्न रिश्वत कांड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी सुकेश चंद्रशेखर को 5 लाख रुपए के निजी मुचलके पर जमानत दी।

नई दिल्ली, 7 अप्रैल (आईएएनएस)। राऊज एवेन्यू कोर्ट ने मंगलवार को “2 पत्ती” चुनाव चिह्न रिश्वत कांड से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी सुकेश चंद्रशेखर को 5 लाख रुपए के निजी मुचलके पर जमानत दी।

कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि संविधान में व्यक्तिगत आजादी सबसे पवित्र अधिकारों में से एक है। ऐसे में अदालतें एक ओर आजादी की बात करें और दूसरी ओर सिर्फ विशेष कानूनों या आर्थिक अपराधों का हवाला देकर किसी आरोपी की स्वतंत्रता को अनावश्यक रूप से सीमित करें, यह सही नहीं है।

अदालत ने यह भी माना कि मनी लॉन्ड्रिंग एक गंभीर अपराध है और इसके लिए पीएमएलए जैसा विशेष कानून बनाया गया है। कोर्ट ने साफ कहा कि यह कानून राज्य के लिए ऐसा हथियार नहीं बन सकता, जिसके आधार पर किसी आरोपी की आजादी को लंबे समय तक दबाकर रखा जाए।

कोर्ट ने अपने फैसले में यह भी कहा कि सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ कुल 31 मामले दर्ज होने के बावजूद इस केस में उनके जमानत के अधिकार को खत्म नहीं किया जा सकता। अदालत ने यह भी माना कि वह इस मामले में पहले ही इतनी अवधि जेल में बिता चुके हैं, जो पीएमएलए की धारा 4 के तहत संभावित सजा की आधी अवधि से अधिक है। इसी आधार पर अदालत ने कहा कि उन्हें जमानत मिलना न्यायसंगत है।

कोर्ट ने दोहराया कि अपराध भले ही गंभीर हो, लेकिन कानून का इस्तेमाल किसी की आजादी को बेवजह लंबे समय तक रोकने के लिए नहीं किया जा सकता। इसलिए इस मामले में सुकेश चंद्रशेखर को जमानत दी गई है।

फिलहाल सुकेश चंद्रशेखर जेल में ही रहेंगे, क्योंकि वे दूसरे मामले में अभी न्यायिक हिरासत में हैं। उनके खिलाफ कुल 31 मामले दर्ज हैं, जिनमें से 26 मामलों में उन्हें पहले ही जमानत मिल चुकी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   7 April 2026 6:57 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story