'सबसे अच्छा समय आ गया', जम्मू-कश्मीर को रणजी चैंपियन बनने पर एलजी मनोज सिन्हा ने दी बधाई

सबसे अच्छा समय आ गया,  जम्मू-कश्मीर को रणजी चैंपियन बनने पर एलजी मनोज सिन्हा ने दी बधाई
जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीत लिया है। टीम की इस ऐतिहासिक सफलता पर एलजी मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बधाई दी है।

श्रीनगर, 28 फरवरी (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीत लिया है। टीम की इस ऐतिहासिक सफलता पर एलजी मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बधाई दी है।

जम्मू-कश्मीर एलजी कार्यालय के आधिकारिक एक्स अकाउंट ने मनोज सिन्हा के हवाले से लिखा, "जम्मू-कश्मीर का सबसे अच्छा समय आ गया है। जब मैं हमारी क्रिकेट टीम को रणजी ट्रॉफी जीतते हुए देख रहा हूं, तो मेरी भावनाएं शब्दों से परे हैं। हर उस जबरदस्त खिलाड़ी को जिसने अपनी हिम्मत से इतिहास रचा, पूरे यूटी की तरफ से गर्व से धन्यवाद। आपने इतिहास को अमर कर दिया है। इसे सम्मान के साथ अपनाएं।"

जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम को पहली बार रणजी ट्रॉफी का विजेता बनने पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम का जश्न मनाते हुए एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, 'कर दिखाया, वेलडन जम्मू-कश्मीर।'

इस खिताबी जीत के बाद जम्मू-कश्मीर के क्रिकेट फैंस के बीच जश्न का माहौल है। वहीं, देश भर से टीम को ऐतिहासिक सफलता पर बधाई मिल रही है।

मैच की बात करें तो हुबली के डी.आर. बेंद्रे क्रिकेट स्टेडियम में कर्नाटक के खिलाफ खेले गए मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शुभम पुंडिर के 121, यावेर हसन खान के 88, साहिल लोतरा के 72, कन्हैया वधावन के 70, और कप्तान पारस डोगरा के 70 रन की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 584 रन बनाए थे।

कर्नाटक की पहली पारी 293 रन पर समाप्त हो गई थी। कर्नाटक के लिए कप्तान मयंक अग्रवाल ने 160 रन की पारी खेली थी।

जम्मू-कश्मीर के लिए औकिब नबी ने 5, सुनील कुमार और युदवीर सिंह ने 2-2, जबकि साहिल लोतरा ने 1 विकेट लिया।

पहली पारी में 291 रन की बड़ी बढ़त लेने वाली जम्मू-कश्मीर ने दूसरी पारी 4 विकेट पर 342 रन बनाकर घोषित की। सलामी बल्लेबाज कामरान इकबाल 160 और साहिल लोतरा 101 रन पर नाबाद रहे। दोनों के बीच 197 रन की नाबाद साझेदारी हुई। इसके बाद मैच को ड्रॉ घोषित किया गया। पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर जम्मू-कश्मीर को चैंपियन चुना गया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 Feb 2026 3:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story