सड़क सुरक्षा को लेकर धोनी कुछ करते हैं तो बड़ा बदलाव आएगा हेलमेट मैन राघवेंद्र कुमार

सड़क सुरक्षा को लेकर धोनी कुछ करते हैं तो बड़ा बदलाव आएगा  हेलमेट मैन राघवेंद्र कुमार
भारत में हेलमेट मैन के नाम से लोकप्रिय राघवेंद्र कुमार का कहना है कि अगर भारतीय टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी सड़क सुरक्षा के लिए कुछ पहल करते हैं, तो इससे बहुत बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। राघवेंद्र ने कहा कि धोनी लोगों के बीच काफी मशहूर हैं और उनकी बात हर कोई मानता है।

नई दिल्ली, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत में हेलमेट मैन के नाम से लोकप्रिय राघवेंद्र कुमार का कहना है कि अगर भारतीय टीम के पूर्व कप्तान एमएस धोनी सड़क सुरक्षा के लिए कुछ पहल करते हैं, तो इससे बहुत बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। राघवेंद्र ने कहा कि धोनी लोगों के बीच काफी मशहूर हैं और उनकी बात हर कोई मानता है।

राघवेंद्र कुमार से जब पूछा गया कि वह सड़क सुरक्षा के लिए लोगों को जागरूक करने की पहल में विराट कोहली और एमएस धोनी में से किसे चुनना चाहेंगे? इसके जवाब में उन्होंने आईएएनएस के साथ बात करते हुए कहा कि ऐसे कैंपेन के लिए धोनी बेहतर विकल्प होंगे। उन्होंने कहा कि धोनी और विराट कोहली दोनों ही महान क्रिकेटर हैं, लेकिन वह धैर्य के मामले में धोनी को सलाम करना चाहेंगे।

हेलमेट मैन ने कहा कि धोनी हमेशा ही सबसे पहले सुरक्षा को प्राथमिकता देते हैं। उन्होंने कहा कि जब धोनी भी बचपन में गोलकीपर थे, तो उनके माता-पिता ने भी इस बात का ध्यान रखा कि वह हमेशा हेलमेट पहने रहें और इसी कारण वह गोलकीपर से इतने बड़े विकेटकीपर बनने में सफल रहे। राघवेंद्र ने कहा कि धोनी की बात को हर मां भी सुनती है और उनके ऊपर एक फिल्म भी आई है।

राघवेंद्र के अनुसार, धोनी को आज भी घरों में काफी पसंद किया जाता है और बच्चे उन्हें अपना आदर्श मानते हैं। इसी कारण से वह यह चाहते हैं कि सड़क सुरक्षा के लिए जागरुकता कार्यक्रमों का नेतृत्व धोनी करें।

उन्होंने कहा कि धोनी अगर सड़क सुरक्षा को लेकर कुछ करेंगे, तो एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। हेलमेट मैन ने कहा कि भारत में क्रिकेट का खेल काफी मशहूर है और अगर बीसीसीआई आईपीएल के माध्यम से सड़क सुरक्षा और हेलमेट पहनने को लेकर लोगों को जागरूक करने की पहल करेगी, तो इसका काफी असर देखने को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि क्रिकेट के खेल में भी हेलमेट का काफी महत्व है। हेलमेट पहनने के कारण ही बल्लेबाज पूरे आत्मविश्वास के साथ गेंदबाज का सामना कर पाता है और चौके-छक्के लगा पाता है। राघवेंद्र ने बताया कि देश में हर दिन लगभग 1,300 लोग सड़क दुर्घटना में अपनी जान गंवाते हैं, जिनमें से ज्यादा मौतें हेलमेट नहीं पहनने की वजह से होती हैं। ऐसे में अगर क्रिकेट के माध्यम से सड़क सुरक्षा को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा, तो इसका फायदा देखने को मिलेगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   5 April 2026 9:26 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story