साध्वी निरंजन ज्योति ने की योगी सरकार की तारीफ, बोलीं-यूपी में कानून का राज
लखनऊ, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस लगातार भाजपा सरकार पर हमलावर है, लेकिन राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने का मानना है कि यूपी में कानून का राज है। न्याय के लिए किसी को इंतजार नहीं करना पड़ता है।
साध्वी निरंजन ज्योति ने योगी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि यूपी में यूं तो कई पार्टियों का शासन रहा है, लेकिन, योगी सरकार के बारे में एक चीज कह सकती हूं कि यहां पर कानून का राज है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की दादरी रैली को लेकर साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि चुनाव आते हैं और हार जीत होती रहती है, लेकिन मेरा मानना है कि समाज को बांटने का कार्य नहीं होना चाहिए। यह देश संविधान और कानून से चलता है।
बंगाल की टीएमसी सरकार पर तंज कसते हुए साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि मैं उन्हें सलाह देना चाहूंगी कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए समाज को बांटना बंद करें। न्याय प्रक्रिया में बाधा डालना उचित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि वहां ओबीसी समाज के अधिकार को छीनकर एक वर्ग को दिया गया है।
महिला आरक्षण विधेयक को लेकर उन्होंने कहा कि यह तो बहुत वर्षों से मांग चल रही थी। 16 अप्रैल को विशेष सत्र बुलाकार नारी शक्ति वंदन अधिनियम को संवैधानिक दर्जा दिया जा रहा है। मैं पीएम मोदी का आभार जताती हूं।
उन्होंने कहा कि पूर्व में हम लोगों ने देखा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुश्मन देश के खिलाफ भारत के नेतृत्व महिलाओं ने किया। मुझे लगता है कि राजनीति में भी महिलाओं की भागीदारी बढ़नी चाहिए।
बंगाल में हुमायूं कबीर और ओवैसी के बयान पर उन्होंने कहा, मैं उनके बयान को सिरे से खारिज करती हूं। किसी भी महिला के लिए टिप्पणी नहीं करना चाहिए और देश के हर नागरिक को संविधान और कानून के तहत काम करना चाहिए।
सीएम योगी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले मौलवी पर साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि किसी के प्रति अभ्रद टिप्पणी करने का अधिकार संविधान नहीं देता है। हमारी न्याय प्रणाली, हमारी मानवता नहीं देती है। मुझे लग रहा है कि उन्हें सामने आकर माफी मांगनी चाहिए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 April 2026 2:55 PM IST












