जमीन, समुद्र और हवा ही नहीं स्पेस, साइबर व आर्थिक डोमेन भी मजबूत करना हैः राजनाथ सिंह
नई दिल्ली, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। आज जब हम डिफेंस सेक्टर की बात करते हैं तो यह साफ दिखाई देता है कि आत्मनिर्भरता के अलावा हमारे पास कोई दूसरा विकल्प नहीं है। यह बात शुक्रवार को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कही।
उन्होंने स्पष्ट किया कि हमें अपनी सुरक्षा को केवल जमीन, समुद्र और हवा तक सीमित नहीं रखना है, बल्कि स्पेस, साइबर स्पेस और आर्थिक डोमेन तक भी मजबूत करना है। इसी सोच के साथ, कई बड़े नीतिगत निर्णय लिए गए हैं, जिनका असर आज धरातल पर दिख रहा है।
विशाखापत्तनम में मौजूद रहे रक्षामंत्री का कहना था कि पर्शियन गल्फ हो या मलक्का स्ट्रेट हमारी नौसेना लगातार हिंद महासागर में अपनी मौजूदगी बनाए रखती है। जब भी कोई संकट आता है, चाहे बचाव ऑपरेशन हों या मानवीय सहायता प्रदान करना हो, हमारी नौसेना हमेशा सबसे आगे रहती है। रक्षामंत्री ने स्पष्ट किया है कि हमें केवल अपने तटों की सुरक्षा तक सीमित नहीं रहना है, बल्कि उन महत्वपूर्ण समुद्री लेन, चोक प्वाइंट्स और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की भी सुरक्षा सुनिश्चित करनी है, जो हमारे राष्ट्रीय हितों से जुड़े हैं।
उन्होंने कहा कि कि भारतीय नौसेना इन सब सुरक्षा कार्यों में प्रो-एक्टिव तरीके से कार्य कर रही है। रक्षामंत्री ने बताया कि जब भी तनाव की स्थिति बनी है तब भारतीय नौसेना ने हमारे व्यावसायिक समुद्री जहाजों और तेल टैंकर्स की सुरक्षा सुनिश्चित की है। नौसेना ने यह साबित किया है कि वह न केवल भारत के हितों की रक्षा करने में सक्षम है, बल्कि आवश्यकता पड़ने पर दुनिया भर में, अपने नागरिकों और व्यापारिक मार्गों को सुरक्षित रखने के लिए, हर कदम उठा सकती है। यह क्षमता ही भारत को एक जिम्मेदार समुद्री शक्ति बनाती है।
रक्षामंत्री ने भारत की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने डिफेंस पीएसयू के योगदान को काफी सकारात्मक बताया है। उन्होंने कहा कि हमारे पास 16 डिफेंस पीएसयू हैं, जो रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के केंद्र हैं। आज के इस टेक्नोलॉजिकल युग में तो डिफेंस पीएसयू अच्छा कर ही रहे हैं, लेकिन जब एक राष्ट्र के रूप में, हम कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे थे, तब भी हमारे डिफेंस पीएसयू ने, आगे बढ़कर नेतृत्व किया था।
राजनाथ ने कहा कि पिछले एक दशक में देश ने एक बड़ा बदलाव महसूस किया है। सरकार ने युवाओं और उद्योगों के लिए ऐसा इकोसिस्टम तैयार करने की कोशिश की है, जहां नवाचार, निर्माण और निर्यात को लगातार बढ़ावा मिले। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग को एक राष्ट्रीय मिशन के रूप में आगे बढ़ाया गया है।
--आईएएनएस
जीसीबी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 April 2026 3:11 PM IST











