'सदियों में मिलते हैं ऐसे नेता', किरेन रिजिजू ने की पीएम मोदी की जमकर तारीफ, कहा- 'उनका जीवन एक मिसाल'

सदियों में मिलते हैं ऐसे नेता, किरेन रिजिजू ने की पीएम मोदी की जमकर तारीफ, कहा- उनका जीवन एक मिसाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने लोधी रोड स्थित एक बौद्ध मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की जिंदगी अपने आप में एक मिसाल है, जिन्होंने अपने या अपने परिवार के लिए नहीं, बल्कि जीवन को राष्ट्र के नाम समर्पित किया है।

नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने लोधी रोड स्थित एक बौद्ध मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की जिंदगी अपने आप में एक मिसाल है, जिन्होंने अपने या अपने परिवार के लिए नहीं, बल्कि जीवन को राष्ट्र के नाम समर्पित किया है।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "आज का दिन ऐतिहासिक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुने हुए प्रधानमंत्री के तौर पर 4,399 दिन पूरे कर लिए हैं। सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करना उनके लिए बहुत सौभाग्य की बात है।"

उन्होंने कहा, "बड़ी बात यह है कि प्रधानमंत्री और भी लोग बने हैं, लेकिन नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में भारत ने 'विकसित राष्ट्र' बनने की ओर पहला कदम रखा है। आजादी प्राप्त करते समय भारत गरीब था। इतने सालों तक हम गरीब राष्ट्र बनकर रहे। 2014 में नरेंद्र मोदी जब प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने कहा कि भारत को लक्ष्य रखकर चलना होगा। 'विकसित भारत' का लक्ष्य उन्होंने रखा और फिर 2047 में भारत को 'पूर्ण विकसित राष्ट्र' बनाने के लिए कदम उठाए गए हैं।"

रिजिजू ने कहा, "मैं मानता हूं कि सदियों में ऐसा नेता समाज और देश को प्राप्त होते हैं। नरेंद्र मोदी जैसी नेता और शख्सियत बार-बार किसी राष्ट्र को नहीं मिलती है। हम उनके स्वास्थ्य और लंबी उम्र की प्रार्थना करते हैं। मोदी जी अपने लिए नहीं जीते हैं, बल्कि वे देश और समाज के लिए जीते हैं। उनकी जिंदगी अपने आप में एक मिसाल है, जिन्होंने अपने या अपने परिवार के लिए नहीं, बल्कि जीवन को राष्ट्र के नाम समर्पित किया है।"

केंद्रीय मंत्री ने पीएम मोदी के साथ काम करने का अपना अनुभव भी शेयर किया। उन्होंने कहा, "21वीं सदी में नकारात्मक शक्तियां ज्यादा हैं। सब लोग अच्छे काम को खराब या बदनाम करने के लिए लगे रहते हैं। ऐसे में भी पीएम मोदी ने हमें शुद्ध विचार और आस्था के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने हमें देश के लिए काम करते रहने के निर्देश दिए हैं।"

दूसरे नेताओं से तुलना किए जाने पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना किसी और से करना सही नहीं है। जब पंडित जवाहरलाल नेहरू प्रधानमंत्री बने, तो वे चुने नहीं गए थे, बल्कि महात्मा गांधी ने उन्हें चुना था और प्रधानमंत्री नियुक्त किया था। वे सीधे तौर पर चुने गए प्रधानमंत्री नहीं थे।"

उन्होंने कहा, "आजादी के शुरुआती सालों में कांग्रेस के पक्ष में जबरदस्त लहर थी और लोग उन्हें ही वोट देते रहे। उस समय कांग्रेस के सामने अधिक संघर्ष नहीं था। सवाल यह है कि देश 'विकसित राष्ट्र' नहीं बन सका। कांग्रेस और एक परिवार के लोगों ने खूब नाम कमाया। वे प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठे, लेकिन देश विकसित नहीं बन पाया।"

रिजिजू ने आगे कहा, "मेरा कहना है कि तुलना नहीं करनी चाहिए, क्योंकि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद 2014 में 'विकसित भारत' का लक्ष्य रखा गया और उसके लिए काम शुरू किया गया। हम उस मुकाम के बहुत करीब पहुंच रहे हैं। इतिहास में हमेशा-हमेशा के लिए यह लिखा जाएगा कि 'विकसित भारत' के लिए पहला कदम प्रधानमंत्री मोदी के समय रखा गया। उनके काम और सोच से भारत 'विकसित राष्ट्र' बना है। इसको कोई नकार नहीं सकता है, क्योंकि यही वास्तविकता है।"

वहीं, किरेन रिजिजू ने सरकार की 12 साल की उपलब्धियों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, "12 सालों में देश की स्थिति बदली है। कनेक्टिविटी बढ़ी है। सीमावर्ती क्षेत्रों तक सड़कें-हाईवे बन चुके हैं। हर घर बिजली और पानी पहुंच रहा है। घर-घर गैस कनेक्शन पहुंचाए गए। लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। राज्यों में अनेकों एयरपोर्ट बन चुके हैं। रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत बना है। ये सब 12 सालों में देखने को मिला है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 Jun 2026 2:03 PM IST

Tags

Next Story