सागर शराब कांड मामले में अफसरों को कार्रवाई के लिए फ्री हैंड सीएम मोहन यादव
सागर, 9 सितंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के शराब कांड के प्रभावितों के बीच मुख्यमंत्री मोहन यादव पहुंचे, जहां उन्होंने अस्पताल में बीमारी का हाल जाना। साथ ही उन्होंने जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक में कहा कि इस घटना के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई के लिए प्रशासन को फ्री हैंड दिया गया है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधवार को दुबई प्रवास से लौटे और वह दिल्ली से सीधे सागर पहुंचे। उन्होंने जिला अस्पताल में जहरीली शराब के सेवन से गंभीर रूप से बीमार हुए लोगों से मुलाकात की और मरीजों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री यादव ने मरीजों के बेहतर, समुचित उपचार और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने यहां अधिकारियों और जन-प्रतिनिधियों के साथ बैठक की और प्रशासनिक अधिकारियों को इस मामले में कठोर कार्रवाई के लिए फ्री-हैंड दिया। इस मामले में राज्य सरकार किसी को भी बख्शने के मूड में नहीं है।
मरीजों से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि हमने प्रशासन को फ्री-हैंड दिया है कि वह कठोर से कठोर कार्रवाई करे। अभी भी जहां-जहां भी कहीं और भी आवश्यकता लगती हो तो कठोर कार्रवाई करे। अवैध अतिक्रमण जैसे मामलों में भी एक्शन ले। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वह सीमा से लगे हुए राज्यों के अधिकारियों से भी संपर्क करें। दोषियों पर ऐसी कार्रवाई करेंगे कि दोबारा किसी की इस तरह के काम करने की हिम्मत नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि शराब बंदी के लिए धार्मिक संस्थाओं और सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर अभियान चला रहे हैं। किसी के घर के पिता-पुत्र की मौत होना बहुत कष्टकारी है। मैं इस मामले में कांग्रेस के नेताओं से भी कहना चाहता हूं कि इस तरह के मामले में राजनीति न करके एकजुटता दिखाएं। मैं नेता प्रतिपक्ष से अपील करता हूं कि हम सभी मिलकर इस चुनौती का सामना करें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Sept 2026 8:32 PM IST












