सैन्य उपलब्धियों को कूटनीति के जरिए और मजबूत करने की जरूरत पेजेश्कियन
तेहरान, 11 मई (आईएएनएस)। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने कहा है कि वो क्षेत्रीय तनाव से निपटने के लिए कूटनीतिक तरीकों को अपनाने में यकीन रखते हैं। उन्होंने 'सम्मान और राष्ट्रीय हितों' को बरकरार रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
राष्ट्रपति पेजेश्कियन ने ये बयान पुलिस कमांडर-इन-चीफ और वरिष्ठ फराज कमांडरों के एक समूह के साथ बैठक में दिया, जिसमें बल के प्रदर्शन पर रिपोर्ट प्रस्तुत की गई थी। इस दौरान अधिकारियों ने हालिया संघर्ष के दौरान पुलिस बल के कामकाज की रिपोर्ट राष्ट्रपति को सौंपी।
सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए (इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी) के अनुसार, उन्होंने कहा कि सशस्त्र बलों ने युद्धक्षेत्र में जो “जीत” हासिल की है, उसे कूटनीति के क्षेत्र में भी आगे बढ़ाया जाना चाहिए और "ईरानी जनता के अधिकारों को सम्मान और गौरव के साथ" स्थापित किया जाना चाहिए।
पेजेश्कियन ने गरिमा और बुद्धिमता के बल पर सब कुछ संभव करने की बात कही। उन्होंने कहा, “दुश्मन पर अविश्वास बनाए रखते हुए भी हम गरिमा, बुद्धिमत्ता और व्यावहारिकता के आधार पर बातचीत को संभव मानते हैं। यदि सर्वोच्च नेता की चिंताओं और हमारे राष्ट्रहितों को ध्यान में रखते हुए कोई समझौता होता है, तो हम अपने वादे का पालन करेंगे।”
ईरान की आगे की रणनीति पर उन्होंने कहा, “हमारे पास अब कई विकल्प हैं। या तो हम गरिमा, पूरी शक्ति और राष्ट्रीय हितों की रक्षा को लेकर बातचीत करें और ईरानी जनता के अधिकार सुनिश्चित करें, या फिर न जंग और न शांति की स्थिति में बने रहें। ये भी संभव न हो तो युद्ध और टकराव के रास्ते पर आगे बढ़ जाएं।”
उन्होंने जोर देकर कहा कि “तार्किक, व्यावहारिक और राष्ट्रीय हितों पर आधारित विकल्प यही है कि सशस्त्र बलों द्वारा युद्धक्षेत्र में हासिल की गई सफलता को कूटनीति के क्षेत्र में भी पूरा किया जाए और ईरानी जनता के अधिकारों को सम्मान और अधिकार के साथ स्थापित किया जाए।”
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 May 2026 6:39 PM IST












