'सलमान खान के साथ मेरा कंफर्ट जोन रहा है', शबीना खान ने साझा किए सितारों के साथ काम के अनुभव

मुंबई, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। मशहूर कोरियोग्राफर शबीना खान का फिल्मी इंडस्ट्री में बड़ा नाम है। उन्होंने 13-14 साल की उम्र में काम करना शुरू किया था और असिस्टेंट कोरियोग्राफर से स्वतंत्र कोरियोग्राफर बनने तक का सफर तय किया। आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने अपने करियर, मां से मिली सीख और सलमान खान, गोविंदा, इमरान हाशमी और सनी देओल जैसे सितारों के साथ काम करने के अनुभव साझा किए।
शबीना ने अपने सफर को याद करते हुए आईएएनएस से कहा, ''मैंने असिस्टेंट कोरियोग्राफर के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की। अब तक का सफर शानदार रहा है। मैंने अपनी पूरी जिंदगी इस सफर को दे दी। जब मैं 13-14 साल की थी, तब काम शुरू किया था। उस समय से लेकर अब तक इंडस्ट्री में ही रही हूं। यहीं बड़ी हुई, यहीं काम किया, नाम कमाया और यही मेरी जिंदगी का हिस्सा रही है।''
उन्होंने कहा, ''मुझमें डांस की समझ पहले से थी, लेकिन फिल्म इंडस्ट्री में काम करने के दौरान मैंने लोगों को समझना सीखा। जिस उम्र में मैंने काम शुरू किया, उस समय इंसान बहुत कुछ सीखता है। ऐसे में मेरी मां की मौजूदगी और सीख ने मुझे सही रास्ते पर बने रहने में मदद की। मेरी मां हमेशा अच्छा सीखने और अच्छा काम करने पर जोर देती थीं, क्योंकि उनका मानना था कि अच्छा काम ही इंसान को आगे बढ़ाता है।''
सलमान खान के साथ अपने रिश्ते को शबीना ने खास बताया। उन्होंने कहा, ''सलमान खान के साथ मेरा कंफर्ट जोन रहा है। मैं स्कूल की उम्र से उनके साथ काम कर रही हूं। मेरे लिए कंफर्ट जोन का मतलब है कि किसी के साथ काम करते हुए आपको डर न लगे। मैं जानती हूं कि सलमान खान की आदतें क्या हैं।''
बता दें कि सलमान खान के साथ शबीना ने कई फिल्मों के गानों पर काम किया है। इनमें 'जय हो', 'प्रेम रतन धन पायो', 'ट्यूबलाइट', 'दबंग 3' और 'किसी का भाई किसी की जान' शामिल हैं। 'प्रेम रतन धन पायो' के टाइटल ट्रैक, 'दबंग 3' के 'हुड़ हुड़ दबंग' और 'किसी का भाई किसी की जान' के 'नइयो लगदा' जैसे गानों में उनका काम देखने को मिला।
इमरान हाशमी के साथ अपने अनुभव के बारे में शबीना ने बताया कि उनके साथ भी अच्छा तालमेल है। उन्होंने कहा, ''मैंने इमरान हाशमी के साथ 'आशिक बनाया आपने' में काम किया था। उस समय जो कंफर्ट जोन बना, वह आज तक है।''
दरअसल, साल 2005 में रिलीज हुई फिल्म 'आशिक बनाया आपने' के गानों में शबीना ने कोरियोग्राफर के तौर पर काम किया था। फिल्म का टाइटल ट्रैक काफी लोकप्रिय हुआ था। अब वह इमरान के साथ अपनी अगली फिल्म 'गनमास्टर जी9' को लेकर भी चर्चा में हैं। इस प्रोजेक्ट में निर्देशक आदित्य दत्त और संगीतकार हिमेश रेशमिया भी जुड़े हैं।
सनी देओल के साथ शबीना का सफर असिस्टेंट कोरियोग्राफर के तौर पर शुरू हुआ था। उन्होंने बाद में स्वतंत्र कोरियोग्राफर के रूप में फिल्म 'गदर 2' में उनके साथ काम किया। इस फिल्म के सभी गानों की कोरियोग्राफी शबीना ने की थी। इनमें 'उड़ जा काले कावां' और 'मैं निकला गड्डी लेके' जैसे गाने शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वह अब सनी देओल के साथ फिल्म 'सूर्या' पर काम कर रही हैं। किसी कलाकार के साथ लंबे समय तक काम करने से उसकी बॉडी लैंग्वेज और काम करने के तरीके को समझना आसान हो जाता है।
शबीना ने कहा, ''जब कंफर्ट जोन बन जाता है, तो आप जानते हैं कि कलाकार से कैसे बात करनी है और उसे स्टेप्स कैसे सिखाने हैं। आप उसकी बॉडी लैंग्वेज समझने लगते हैं। इससे काम थोड़ा आसान हो जाता है।''
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
