सोनम वांगचुक को अस्पताल से मिली छुट्टी, बोले- काफी बेहतर महसूस कर रहा हूं

सोनम वांगचुक को अस्पताल से मिली छुट्टी, बोले- काफी बेहतर महसूस कर रहा हूं
सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को सोमवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। वांगचुक 28 जून से दिल्ली के जंतर-मंतर पर परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर अनशन पर बैठे थे। उन्होंने 26 दिन बाद 24 जुलाई को अपना अनशन समाप्त किया था।

नई दिल्ली, 27 जुलाई (आईएएनएस)। सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को सोमवार को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। वांगचुक 28 जून से दिल्ली के जंतर-मंतर पर परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग को लेकर अनशन पर बैठे थे। उन्होंने 26 दिन बाद 24 जुलाई को अपना अनशन समाप्त किया था।

वांगचुक ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, "आखिरकार मुझे अस्पताल से छुट्टी मिल रही है। मैं महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए राजघाट जाऊंगा और फिर पहाड़ों पर वापस लौटूंगा। आप सभी का धन्यवाद। मेदांता अस्पताल, गुड़गांव के डॉक्टरों और स्टाफ की पूरी टीम का भी बहुत-बहुत आभार।"

वांगचुक ने एक वीडियो संदेश में कहा, "आज आखिर वह दिन आ गया है, जब मुझे अस्पताल से छुट्टी मिल रही है। अब मैं काफी बेहतर महसूस कर रहा हूं। धीरे-धीरे खाना शुरू कर दिया है और शरीर में ताकत लौट रही है। लद्दाख लौटने से पहले मैं राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करूंगा। आपको याद होगा कि इस अभियान की शुरुआत से पहले भी हम राजघाट गए थे और वहां श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद जंतर-मंतर पहुंचे थे।"

उन्होंने कहा, "लद्दाख लौटने से पहले मैं दिल की गहराइयों से आप सभी का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। देशभर के लोगों ने हमारी आवाज से आवाज मिलाई और इस मुहिम का साथ दिया। हम आगे भी आप सबसे जुड़े रहने की उम्मीद करते हैं। सभी को सलाम, नमस्कार और जय हिंद।"

इससे पहले 24 जुलाई को अनशन समाप्त करने के बाद जारी एक वीडियो संदेश में वांगचुक ने कहा था कि केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा, डॉ. जितेंद्र सिंह तथा लेह-लद्दाख की शीर्ष संस्था के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने 26 दिनों बाद अपना अनशन समाप्त किया। उन्होंने कहा था कि विभिन्न राजनीतिक दलों के 65 सांसदों ने उनसे मिलकर या पत्र लिखकर अनशन समाप्त करने का आग्रह किया और संसद में नीट तथा परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों पर चर्चा कराने का आश्वासन दिया।

वांगचुक ने तब यह भी कहा था कि सरकार की ओर से आए मंत्रियों ने भी उन्हें आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों से लिखित आश्वासन को लेकर बातचीत चल रही थी। इस प्रक्रिया में दो दिन लगने के कारण उनका अनशन भी दो दिन और बढ़ गया। अंततः सरकार की ओर से उन्हें लिखित आश्वासन प्राप्त हुआ।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   27 July 2026 2:03 PM IST

Tags

Next Story