संभल पैर फिसलने से चोटिल हुए प्रमोद कृष्णम, आपात सर्जरी के बाद खतरे से बाहर
संभल, 18 मार्च (आईएएनएस)। कल्कि धाम के पीठाधीश्वर और प्रमुख धार्मिक नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम के साथ एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हो गया। प्रमोद कृष्णम आवास पर फिसलने के कारण चोटिल हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। राहत की बात है कि वह खतरे से बाहर हैं।
जानकारी के अनुसार, संभल में अपने आवास पर पैर फिसलने के कारण वे गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। हादसा काफी गंभीर था, लेकिन समय पर चिकित्सा सहायता मिलने से वे बाल-बाल बच गए।
घटना के तुरंत बाद आचार्य प्रमोद कृष्णम को संभल के मेडीसिटी यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी आपातकालीन सर्जरी की। चिकित्सकों के मुताबिक, उनके माथे पर 2 इंच से अधिक गहरा घाव हुआ था, जो काफी गंभीर था। सर्जरी सफल रही और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि चोट सिर के ऊपरी हिस्से में लगी थी, लेकिन कोई हड्डी टूटने या आंतरिक रक्तस्राव जैसी जटिलता नहीं आई।
आचार्य प्रमोद कृष्णम उत्तर प्रदेश में कल्कि धाम मंदिर के प्रमुख हैं, जो संभल जिले में स्थित है। वे पूर्व में कांग्रेस से जुड़े रहे हैं, लेकिन बाद में धार्मिक कार्यों में सक्रिय हो गए। हाल के वर्षों में संभल में कल्कि धाम और संबंधित मुद्दों पर उनकी सक्रियता और बयान काफी चर्चा में रहे हैं।
इस हादसे की खबर से उनके अनुयायी और भक्त चिंतित हो गए हैं। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रमोद कृष्णम सामान्य दिनचर्या में थे, जब फिसलन के कारण वो गिर गए। डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिनों के लिए पूर्ण आराम की सलाह दी है। अस्पताल में उनकी देखभाल में विशेष टीम लगाई गई है ताकि कोई संक्रमण या अन्य जटिलता न हो।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 March 2026 6:05 PM IST












