समृद्ध गुजरात प्रदर्शनी में सरकार की योजनाओं के बारे में जान सकेंगे लोग दिनेश मकवाना
अहमदाबाद, 7 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा सांसद दिनेश मकवाना ने कहा कि सासा फाउंडेशन की ओर से मणिनगर में आयोजित 'समृद्ध गुजरात 2026' प्रदर्शनी में केंद्र और गुजरात सरकार के विभिन्न विभागों के 50 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इस प्रदर्शनी में डिफेंस, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, वित्त समेत अनेक महत्वपूर्ण क्षेत्रों की योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, जिससे 25,000 से ज्यादा छात्र और आम नागरिक लाभान्वित होंगे।
मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047' के विजन के अनुरूप गुजरात सरकार के विभिन्न विभागों ने यहां अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया है। मुझे पूरा विश्वास है कि अहमदाबाद सहित पूरे क्षेत्र के लोगों को इस प्रदर्शनी से लाभ मिलेगा।
एएमसी स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन कमलेश पटेल ने कहा कि तीन दिवसीय इस प्रदर्शनी का आयोजन बड़े सौभाग्य की बात है। इसमें गुजरात और भारत सरकार की ओर से 50 स्टॉल लगाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि तीन दिनों में 25 हजार से अधिक लोग यहां पहुंचेंगे और सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेंगे। कई योजनाएं ऐसी हैं जिनके बारे में आम जनता को जानकारी नहीं होती। सांसद दिनेश मकवाना की पहल पर यह प्रदर्शनी आयोजित की गई है, जिससे पूरे अहमदाबाद क्षेत्र के लोगों को सरकारी योजनाओं की सही जानकारी मिल सकेगी।
यह प्रदर्शनी आम नागरिकों, गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) और व्यावसायिक समूहों के लिए उपयोगी साबित होगी। यहां दृश्य प्रस्तुतियों (विजुअल प्रेजेंटेशन), इंटरएक्टिव सत्रों और अधिकारियों के मार्गदर्शन के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य बीमा, कृषि सब्सिडी, शिक्षा ऋण, रोजगार के अवसर, रक्षा भर्ती तथा वित्तीय समावेशन जैसी केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ अधिकारी लोगों के सवालों के जवाब देने के साथ-साथ आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी मार्गदर्शन कर रहे हैं। कई विभागों ने डिजिटल टूल्स और ऐप के माध्यम से योजनाओं को अधिक सरल और सुलभ बनाने का प्रदर्शन भी किया है। इस प्रकार की प्रदर्शनियां न केवल लोगों में जागरूकता बढ़ाती हैं, बल्कि सरकारी योजनाओं को अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
सासा फाउंडेशन द्वारा आयोजित यह प्रदर्शनी मणिनगर से शुरू होकर पूरे गुजरात में 'समृद्ध गुजरात 2026' के उद्देश्य को आगे बढ़ाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 July 2026 2:52 PM IST












