समुद्री लुटेरों के कब्जे वाले दो जहाजों में 22 भारतीय नाविक सवार, सभी सुरक्षित विदेश मंत्रालय
नई दिल्ली, 21 अगस्त (आईएएनएस)। विदेश मंत्रालय के अनुसार यमन और सोमालिया तट के पास समुद्री लुटेरों के कब्जे में लिए गए दो वाणिज्यिक जहाजों में सवार सभी 22 भारतीय सुरक्षित हैं। शुक्रवार को प्रेस वार्ता में मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने इसकी जानकारी दी।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "दो जहाज हैं; दोनों पर विदेशी झंडे लगे हैं और उन पर भारतीय नाविक सवार हैं। इनमें कुल 22 (एक जहाज पर 16 और दूसरे पर छह) भारतीय हैं। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, ये 22 नाविक सुरक्षित हैं और हम उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस मामले में संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं।"
जानकारी के अनुसार, दो अलग-अलग घटनाओं में सशस्त्र समुद्री डाकुओं ने दो जहाजों को अपने कब्जे में ले लिया। 20 अगस्त को एक इरिट्रिया के ध्वज वाले तेल उत्पाद टैंकर ‘एम टी सिबू 1' को अदन की खाड़ी में यमन के तट से करीब 30 समुद्री मील दूर हमला किया। इसमें कथित तौर पर 16 भारतीय नाविक सवार थे।
यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (यूकेएमटीओ) सेंटर के अनुसार गुरुवार को उसे यमन के अल मुकल्ला से 136 नॉटिकल मील (252 किमी) पूर्व में एक घटना की सूचना मिली थी। यहां 'सीमल' टैंकर (जिसे सिबू 1 के नाम से भी जाना जाता है) ने मदद के लिए एक संदेश (डिस्ट्रेस कॉल) भेजा था कि अदन की खाड़ी में पश्चिम की ओर जाते समय एक अनधिकृत जहाज उसके पास आ रहा था।
यूकेएमटीओ ने बताया कि छह हथियारबंद लोगों ने यमन के तट के पास एक टैंकर पर कब्जा कर लिया और उसे सोमालिया की ओर मोड़ दिया।
वहीं कैमरून के ध्वज वाले एक अन्य पोत ‘एम/वी लुतुफ' का 17 अगस्त को सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास अगवा किया गया। इस पोत के चालक दल के 10 सदस्यों में छह भारतीय हैं। कथित तौर पर पोलर मूवमेंट शिपिंग की इस नाव पर मोगादिशू में तुर्की के मिलिट्री ट्रेनिंग सेंटर के लिए हथियार, साथ ही कम्युनिकेशन और सैटेलाइट उपकरण ले जाए जा रहे थे।
उन्होंने बताया कि आठ समुद्री लुटेरों ने नाव को पुंटलैंड के डंगोरोयो जिले में गारमाल के पास तट की ओर ले गए; माना जा रहा है कि ये लुटेरे उस ग्रुप के सदस्य हैं जो अप्रैल में एम/वी स्वार्ड के अपहरण में शामिल था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 Aug 2026 5:39 PM IST












