सनातन पांडे के बयान पर संतों का फूटा गुस्सा, बोले-मानसिकता संकीर्ण और घटिया

नई दिल्ली, 9 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडे के राम मंदिर आंदोलन में गोलीकांड को लेकर दिए गए बयान पर संत समाज ने कड़ी नाराजगी जताई है। महाराज अनिरुद्ध दास जी महाराज ने इसे संकीर्ण और पिछड़ी मानसिकता बताया, तो आचार्य संदीप त्रिपाठी ने कहा कि संविधान की शपथ लेने वाले सांसद को ऐसा बयान शोभा नहीं देता। महंत देवेशाचार्य जी महाराज ने कहा कि यह बयान सपा के आचरण और चरित्र को दर्शाता है, जिसका मकसद सिर्फ सनातन धर्म और हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाना है।
समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडे के बयान पर महाराज अनिरुद्ध दास जी महाराज ने कहा, "राम मंदिर को लेकर उन्होंने जो बयान दिया है, उन्होंने कहा कि अगर राम मंदिर आंदोलन के दौरान गोलियां नहीं चलाई गई होतीं तो मंदिर बनने में और ज्यादा दिक्कतें आतीं। यह सच नहीं है। उनकी मानसिकता बेहद संकीर्ण और पिछड़ी हुई है। आज श्री राम मंदिर सफलतापूर्वक बन गया है और लाखों-करोड़ों श्रद्धालु दर्शन करने आ रहे हैं। इसके निर्माण के दौरान किसी भी तरह की कोई बाधा या कठिनाई नहीं आई। उनकी सोच बहुत ही घटिया है।"
वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव की राम मंदिर की यात्रा को लेकर उन्होंने कहा कि वो केवल गुमराह करने के लिए आ रहे हैं। राम मंदिर बने तो साल हो गए। ये केवल सवर्णों को मूर्ख बनाने और वोट के लिए आ रहे हैं। 2027 में चुनाव है और ये घबरा गए हैं कि राम मंदिर नहीं जाएंगे, दर्शन नहीं करेंगे तो बहुत कुछ गड़बड़ हो जाएगा।
आचार्य संदीप त्रिपाठी ने कहा कि सनातन पांडे सांसद हैं और संसद भवन में बैठते हैं। मैंने अभी उनका पूरा बयान पढ़ा है और यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्हें राम जन्मभूमि या किसी भी मंदिर या मस्जिद के बारे में इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्हें इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि उनके बयान से किसी की भावनाओं या अंतरात्मा को ठेस न पहुंचे। उन्हें इस तरह की टिप्पणी करने से बचना चाहिए।
सिद्ध पीठ हनुमानगढ़ के महंत देवेशाचार्य जी महाराज ने कहा, "सनातन पांडे का बयान साफ तौर पर समाजवादी पार्टी के आचरण और चरित्र को दर्शाता है। अपने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों सहित समाजवादी पार्टी का एक ही उद्देश्य नजर आता है- सनातन धर्म और हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंचाना। वे बार-बार सनातन धर्म, देवी-देवताओं और त्योहारों के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हैं, जिससे लोगों को पीड़ा और कष्ट होता है, हालांकि उत्तर प्रदेश की जनता जागरूक है और इन चालों को समझती है। वे सनातन धर्म के अनुयायी हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
