संगरूर में युवक ने डीसी कार्यालय के बाहर कथित तौर पर जहर निगला, कांग्रेस ने पंजाब सरकार को घेरा
चंडीगढ़, 20 सितंबर (आईएएनएस)। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने संगरूर में एक युवक द्वारा जिला उपायुक्त (डीसी) कार्यालय के बाहर कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या की कोशिश किए जाने के मामले को लेकर भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा है।
राजा वड़िंग ने एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि संगरूर जिले के नामोल गांव के युवक जग्गा सिंह ने नशे के खिलाफ वीडियो पोस्ट करने के बाद मिली धमकियों, मारपीट और पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने से परेशान होकर यह कदम उठाया।
उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और सवाल सिर्फ एक युवक का नहीं, बल्कि पूरे पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा का है। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर नशे के खिलाफ बोलने वाला व्यक्ति खुद को असुरक्षित महसूस करे, तो "नशामुक्त पंजाब" का दावा सवालों के घेरे में आ जाता है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि संगरूर में लगातार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं और पहले के मामलों पर भी अभी तक जवाब नहीं मिला है। उन्होंने राज्य सरकार से हर शिकायत की निष्पक्ष जांच और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को सुरक्षा देने की मांग की।
राजा वड़िंग ने अपने पोस्ट में कहा कि पंजाब को "होर्डिंग नहीं, कार्रवाई चाहिए; पीआर नहीं, कानून चाहिए; भाषण नहीं, इंसाफ चाहिए।" फिलहाल इस मामले पर पंजाब सरकार या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Sept 2026 10:45 PM IST












