- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- उपराजधानी के सबसे लंबे पुल पर लगा...
9 किमी लंबा सफर: उपराजधानी के सबसे लंबे पुल पर लगा जाम, कुछ देर यातायात रहा प्रभावित, 15 मिनट में इंदोरा से दिघोरी के सफर का दावा

डिजिटल डेस्क, नागपुर. उपराजधानी का सबसे लंबा पुल इंदोरा चौक से दिघोरी चौक तक चमचमा रहा है। रविवार शाम अचानक नवनिर्मित उड़ानपुल के अशोक चौक सर्कल पर जाम लग गया। सर्कल पर वाहनों की कतारें एक के पीछे एक दिखाई दीं। इसके चलते कुछ देर तक वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विशेष रूप से शाम के समय यातायात का दबाव बढ़ने से सर्कल पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
इस उड़ानपुल का नामकरण डॉ. केशव बलिरामपंत हेडगेवार के नाम पर किया गया है। शनिवार को सुरेश भट सभागृह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी की उपस्थिति में उड़ानपुल का लोकार्पण किया गया। पुल के निर्माण की आवश्यकता और कार्य की जानकारी देते हुए केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि फिलहाल यह पुल कमाल चौक से दिघोरी चौक तक बना है। पहले इंदोरा चौक से दिघोरी पहुंचने में 40 से 50 मिनट लगते थे, लेकिन अब यह सफर 15 मिनट में पूरा हो सकेगा।
गडकरी ने कहा कि खास बात यह है कि उड़ानपुल सिग्नल मुक्त है। नागपुर में अब तक बने उड़ानपुलों में इसे बेहतर बताया गया है। इसके निर्माण में मलेशिया की तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। करीब 9 किलोमीटर लंबे इस उड़ानपुल के निर्माण पर 998 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं।
यह भी पढ़े -माय होम इंडिया के संस्थापक सुनील देवधर के निवास पर देहव्यापार से जुड़ी बहनों के हाथों हुआ पूजन
रोजगार देने वाला शहर बनेगा नागपुर : फडणवीस
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नागपुर देश का सबसे आधुनिक ही नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला शहर भी बनेगा। उन्होंने बताया कि शहर में 35 उड़ानपुल बन चुके हैं और 15 प्रस्तावित हैं। विदेश के काउंसलर जनरलों के साथ हुई बैठक का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब नागपुर को अंतरराष्ट्रीय स्तर का शहर माना जाने लगा है। कंक्रीटीकरण के पांचवें चरण में नागपुर में 148 किलोमीटर का आउटर रिंग रोड बनाया जाएगा। नया नागपुर प्रकल्प भी जल्द पूरा होगा।
विधानसभा स्तर पर विकास के लिए 1000 करोड़ : बावनकुले
पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि नागपुर के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो विकास कार्यों के लिए राज्य सरकार की ओर से 1000 करोड़ रुपए देने का प्रयास किया जा रहा है। दिसंबर में विधानमंडल के अधिवेशन में इस संबंध में बजट का प्रावधान किया जाएगा। इंदोरा से नारा मार्ग के विस्तार कार्य के लिए सीआरएफ से निधि स्वीकृत की गई है। कोराडी और नारा होते हुए दक्षिण नागपुर व कामठी विधानसभा क्षेत्र के गांवों की कनेक्टिविटी बढ़ेगी।
9 किमी लंबा फ्लाईओवर, अशोक चौक पर विशेष रोटरी
नवनिर्मित उड़ानपुल शहर का सबसे लंबा फ्लाईओवर बताया गया है। इसकी कुल लंबाई 9 किलोमीटर और लागत 998 करोड़ रुपए है। अक्टूबर 2024 में केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने इसका भूमिपूजन किया था। एनएचएआई की निगरानी में एनसीसी कंपनी ने इसका निर्माण किया। अशोक चौक पर बनी विशेष रोटरी पूरे विदर्भ में इकलौती बताई गई है। एसईसी रेलवे से समय पर ब्लॉक नहीं मिलने के कारण कई बार निर्माण कार्य आगे बढ़ा। अब इस पुल के शुरू होने से उत्तर से दक्षिण की दूरी कम समय में पूरी होने की उम्मीद है।
Created On :   20 Sept 2026 10:07 PM IST












