गणेश पूजा: माय होम इंडिया के संस्थापक सुनील देवधर के निवास पर देहव्यापार से जुड़ी बहनों के हाथों हुआ पूजन

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली. सामाजिक समरसता और एकात्मता के संदेश को धरातल पर उतारते हुए, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं ‘माय होम इंडिया’ के संस्थापक सुनील देवधर के नई दिल्ली स्थित आवास 211, नार्थ एवेन्यू पर विराजमान ‘समरसता श्री गणेश’ उत्सव में एक अत्यंत संवेदनशील और ऐतिहासिक पहल देखने को मिली। सामाजिक समरसता की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए, देवधर ने इस पावन दरबार में श्री गणेश पूजन, महाआरती और महाप्रसाद के लिए हिंदू समाज की देहव्यापार से जुड़ी (सेक्स वर्कर्स) बहनों को सस्नेह आमंत्रित किया।
इस अवसर पर कमला मार्केट थाने की सब -इंस्पेक्टर किरण सेठी के साथ उपस्थित बहनों ने पूर्ण श्रद्धा और भक्तिभाव से विघ्नहर्ता बाप्पा की मंगल आरती की तथा महाप्रसाद ग्रहण किया। "प्रत्येक व्यक्ति के आत्मसम्मान की रक्षा करना ही सच्ची मानवता और हिंदुत्व की मूल सीख है; बाप्पा के दरबार में कोई भेद नहीं है, यहाँ सभी समान हैं," यह भाव इस दौरान सुनील देवधर जी ने व्यक्त किया। हिंदू समाज के प्रत्येक उपेक्षित वर्ग को मुख्यधारा में सम्मानजनक स्थान दिलाने के इस अनूठे प्रयास की सभी स्तरों पर व्यापक सराहना हो रही है।
देवधर ने दिल्ली में वर्ष 2021 से इस अभिनव एवं अद्वितीय ‘समरसता श्री गणेश’ पूजन की शुरुआत की है। इस वर्ष अब तक सिख समाज और एनडीएमसी के सफाई कर्मचारी बंधुओं के कर-कमलों द्वारा बाप्पा की मंगल आरती व पूजन संपन्न हो चुका है। आगामी दिनों में मुस्लिम, ईसाई, जैन, बौद्ध भिक्षु (भंते), दलित, किन्नर (तृतीयपंथी), दिव्यांग, बालगृहों के बच्चे, समाज की मुख्यधारा में लौटे पूर्व नक्सली, चकमा समुदाय, पूर्वोत्तर भारत के विभिन्न छात्रावासों में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं तथा वेद पाठशाला के विद्यार्थी ‘समरसता श्री गणेश’ के दरबार में उपस्थित होकर बाप्पा की पूजा व आरती करेंगे।
Created On :   20 Sept 2026 8:26 PM IST












