बड़ी मात्रा में शराब बरामद: नकली देशी शराब की बड़ी खेप पकड़ी, ट्रक चालक गिरफ्तार - प्लास्टिक स्क्रैप के नीचे छिपाई थी शराब

नकली देशी शराब की बड़ी खेप पकड़ी, ट्रक चालक गिरफ्तार - प्लास्टिक स्क्रैप के नीचे छिपाई थी शराब
  • प्लास्टिक स्क्रैप के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब
  • हिंगणघाट के व्यक्ति के कहने पर धुले से आलापल्ली ले जाई जा रही थी खेप
  • अमरावती रोड पर वाहन चोरी विरोधी दस्ते की कार्रवाई
  • जांच में शराब नकली होने का खुलासा

डिजिटल डेस्क, नागपुर. क्राइम ब्रांच के वाहन चोरी विरोधी दस्ते ने अमरावती रोड पर कार्रवाई करते हुए नकली देशी शराब की बड़ी खेप पकड़ी। पुलिस ने शराब की 39 हजार बोतलें, ट्रक और मोबाइल समेत कुल 28 लाख 70 हजार रुपए का माल जब्त किया। मामले में ट्रक चालक अब्दुल तौसिफ अब्दुल हफिज (34), निवासी गवलीपुरा, आजाद नगर, गिट्टीखदान को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, शराब की यह खेप हिंगणघाट निवासी अंकुश उर्फ अन्ना सुधाकर कुंचनवार (38) के कहने पर धुले से भरकर गड़चिरोली के आलापल्ली ले जाई जा रही थी।

वाहन चोरी विरोधी दस्ते के पुलिस हवलदार अजय नरेश शुक्ला को सूचना मिली थी कि अमरावती से नागपुर की ओर आ रहे ट्रक क्रमांक एमएच-40-बीजी-1591 में बड़ी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वाड़ी थाना क्षेत्र के अमरावती रोड स्थित आठवां मील, आठवड़ी बाजार के पास जाल बिछाया। रविवार तड़के करीब 2.30 बजे संदिग्ध ट्रक नागपुर की ओर आता दिखाई दिया। पुलिस ने ट्रक रोककर तलाशी ली तो ऊपर प्लास्टिक स्क्रैप रखा हुआ था। संदेह होने पर स्क्रैप हटाकर तलाशी ली गई, जिसमें नीचे शराब के बॉक्स छिपे मिले।

पुलिस ने ट्रक चालक अब्दुल तौसिफ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तलाशी के दौरान ट्रक से 390 खाकी रंग के बॉक्स बरामद हुए। प्रत्येक बॉक्स में 90 एमएल की 100 बोतलें थीं। इस तरह कुल 39 हजार बोतलें, जिनकी कीमत 15 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है, बरामद हुईं। बोतलों पर ‘रॉकेट देशी दारू, प्रवरा डिस्टिलरी’ तथा बैच नंबर 146...26 अंकित था। इसके अलावा 13 लाख रुपए कीमत का अशोक लेलैंड छह पहिया ट्रक और 10 हजार रुपए का मोबाइल जब्त किया गया।

जांच में शराब नकली होने का खुलासा

बरामद शराब की प्रामाणिकता पर संदेह होने पर पुलिस ने राज्य आबकारी विभाग से संपर्क किया। आबकारी विभाग के निरीक्षक बालाजी चालणेवार, द्वितीय निरीक्षक अक्षय पाथाडे, बलिराम इथर, सिपाही आशीष फाटे और अंकुश भोकरे ने शराब की जांच की। पुलिस के अनुसार, प्रथमदृष्टया शराब नकली पाए जाने की रिपोर्ट दी गई। इसके बाद मामले में धोखाधड़ी और जालसाजी से संबंधित धाराएं बढ़ाई गईं।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हिंगणघाट, जिला वर्धा में अवैध शराब बिक्री के मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली शराब तैयार करने और उसकी सप्लाई करने वाले गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटील, सह पुलिस आयुक्त नविनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेंद्र दाभाड़े, डीसीपी (डिटेक्शन) दीपक अग्रवाल और एसीपी (अपराध) वैभव जाधव के मार्गदर्शन में वाहन चोरी विरोधी दस्ते के प्रभारी निरीक्षक दिलीप चंदन और उनकी टीम ने कार्रवाई की। टीम में रोशन तिवारी, विलास कोकाटे, सचिन बढ़िये, अजय नरेश शुक्ला, नितीन वर्मा, राहुल कुसरामे, अभय ढोणे तथा साइबर सेल के उपनिरीक्षक विवेक झिंगरे सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे

Created On :   20 Sept 2026 7:05 PM IST

Next Story