Nagpur News: सूखे पर सीएम फडणवीस बोले- अगले सप्ताह सरकार करेगी समीक्षा, पंचनामे के बाद मिलेगी तत्काल मदद

सूखे पर सीएम फडणवीस बोले- अगले सप्ताह सरकार करेगी समीक्षा, पंचनामे के बाद मिलेगी तत्काल मदद
  • सूचियों को व्यवस्थित करने का काम जारी
  • सभी प्रभावितों को लाभ दिलाने के प्रयास

Nagpur News महाराष्ट्र के कई जिलों में पर्याप्त बारिश नहीं होने से सूखे जैसी स्थिति बन रही है। इससे फसलों को नुकसान पहुंचने के साथ किसानों की उपज और आय प्रभावित होने की आशंका है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को नागपुर में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार अगले सप्ताह राज्य में सूखे की स्थिति की समीक्षा करेगी। इसके बाद फसलों के नुकसान के पंचनामे किए जाएंगे और किसानों को तत्काल सहायता देने की कार्रवाई की जाएगी। फडणवीस ने बताया कि सूखे की स्थिति का जायजा लेने के लिए पालकमंत्रियों की बैठक ली गई थी। इसमें सभी पालकमंत्रियों को अपने-अपने जिलों में स्थिति का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार की ओर से किसानों को हरसंभव मदद देने की नीति अपनाई गई है।

कर्जमाफी की सूचियां तैयार, पात्र किसानों को मिलेगा लाभ : मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की कर्जमाफी की प्रक्रिया सरकार की ओर से जारी है। लाभार्थियों की सूचियां तैयार हो चुकी हैं। अब यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र किसान सहायता से वंचित न रहे। इसके लिए सूचियों को व्यवस्थित करने का काम चल रहा है।

चारे की पहले से व्यवस्था : फडणवीस ने कहा कि सरकार को कम अवधि के संकट की आशंका पहले से थी, इसलिए चारे की व्यवस्था के लिए पहले ही कदम उठाए गए थे। वैरण विकास कार्यक्रम के तहत बड़े पैमाने पर चारा उगाने का आह्वान किया गया था। कई जगहों पर चारा तैयार कर रखा गया है।

किसानों को शाम के समय अतिरिक्त बिजली देने की कोशिश : मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन इलाकों में किसानों को सिंचाई के लिए बिजली की जरूरत है, वहां शाम के सत्र में अतिरिक्त बिजली उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। किसानों को अधिक बिजली देने के साथ सिंगल फेज बिजली की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। जिन इलाकों में कुओं में पानी उपलब्ध है, वहां उस पानी का इस्तेमाल खेती के लिए किया जा सके, इसके लिए भी सरकार प्रयास कर रही है।

एनडीआरएफ की मदद के लिए नियमों का पालन जरूरी : फडणवीस ने कहा कि सूखे को लेकर सरकार के विभिन्न शासनादेश और निर्धारित नियम हैं। इनका पालन करने के बाद ही राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष एनडीआरएफ से सहायता प्राप्त की जा सकती है। सरकार इन नियमों और स्थायी आदेशों के अनुसार कार्रवाई कर रही है।

उन्होंने कहा कि 5 अक्टूबर तक हुए पंचनामों के आधार पर प्रस्ताव तैयार कर भेजे जाएंगे। इसी प्रक्रिया के तहत किसानों को एनडीआरएफ से सहायता मिल सकेगी। फडणवीस ने कहा कि एनडीआरएफ की मदद का इंतजार किए बिना राज्य सरकार अपने स्तर पर जो सहायता कर सकती है, वह करेगी।

सिर्फ राजनीति से फायदा नहीं : मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विरोधियों को हर मुद्दे का राजनीतिकरण करने की आदत हो गई है। उन्होंने कहा कि किसान मुश्किल में हैं और ऐसे समय में सभी को मिलकर किसानों की मदद करनी चाहिए। सिर्फ सूखा घोषित करने की मांग कर राजनीति करने से किसानों को कोई फायदा नहीं होगा।

प्रशासन संवेदनशीलता दिखाए : सरकारी बैठक में अधिकारियों के काजू-ड्रायफ्रूट खाने का वीडियो सामने आने को लेकर पूछे गए सवाल पर फडणवीस ने कहा कि सरकारी बैठकों में प्रशासन या स्थानीय अधिकारी आमतौर पर खाने के लिए ड्रायफ्रूट आदि रख देते हैं। उन्होंने कहा कि मुद्दा यह नहीं है कि इसे क्यों रखा गया, लेकिन सूखे जैसी स्थिति में प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ व्यवहार करने की जरूरत है।


Created On :   19 Sept 2026 6:30 PM IST

Tags

Next Story