- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- नागपुर के ऑटोमोटिव चौक में 18 ग्राम...
Nagpur News: नागपुर के ऑटोमोटिव चौक में 18 ग्राम एमडी के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार

Nagpur News नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपराध शाखा यूनिट क्रमांक-6 ने पांचपावली थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 18 ग्राम एमडी पाउडर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से ड्रग्स के अलावा नकदी, एक्टिवा और मोबाइल सहित करीब 12.23 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है। कार्रवाई के दौरान एक अन्य संदिग्ध आरोपी का नाम सामने आया है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज मोहनलाल गुप्ता (30), निवासी शाहू मोहल्ला, यशोधरानगर और रिचर्ड प्रनुत फेड्रिक्स (24), निवासी कपिलनगर के रूप में हुई है। दोनों पर पाचपावली थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(क), 22(ब) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ग्राहक को बेचने की तैयारी में थे : पुलिस के मुताबिक, क्राइम ब्रांच यूनिट-6 की टीम 18 सितंबर की रात पाचपावली थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान ऑटोमोटिव चौक स्थित जेसीबी कंपनी के सामने, शेरे पंजाब लॉन के पास दो युवक संदिग्ध गतिविधियां करते नजर आए। पुलिस ने दोनों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 18 ग्राम एमडी पाउडर बरामद हुआ। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी एमडी को ग्राहक को बेचने के लिए लेकर पहुंचे थे। बरामद एमडी की कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई गई है।
कार, एक्टिवा और मोबाइल भी जब्त : कार्रवाई में पुलिस ने 90 हजार रुपये की एमडी के अलावा 500 रुपये नकद, करीब 80 हजार रुपये कीमत की एक्टिवा, 52 हजार रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन तथा करीब 10 लाख रुपये कीमत की टाटा नेक्सॉन कार जब्त की। जब्त माल की कुल कीमत 12 लाख 23 हजार रुपये बताई गई है।
प्रारंभिक जांच में इस मामले में लक्कू साहू, निवासी यशोधरानगर का नाम सामने आया है। वह फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि एमडी की खेप आरोपियों तक कहां से पहुंची थी और इसके पीछे ड्रग्स सप्लाई का नेटवर्क कितना बड़ा है।
यह कार्रवाई पीएसआई राहुल रोटे की शिकायत पर की गई। यूनिट-6 के पुलिस निरीक्षक भरत कऱ्हाडे के मार्गदर्शन में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पाचपावली पुलिस थाने की रात्रि ड्यूटी अधिकारी के सुपुर्द किया गया है।
Created On :   19 Sept 2026 2:12 PM IST















