- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- वेरायटी चौक के पास 50 से अधिक हरे...
Nagpur News: वेरायटी चौक के पास 50 से अधिक हरे पेड़ों की कटाई, मनपा उद्यान विभाग बेखबर

Nagpur News महनगर पालिका शहर में अवैध पेड़ कटाई पर पूरी तरह से पाबंदी लगाने का दावा कर रही है, दूसरी तरफ हरे भरे पेड़ों की कटाई थम नहीं रही है। शुक्रवार को वेरायटी चौक के समीप म्यूर अस्पताल परिसर के 16 एकड़ क्षेत्र में जेसीबी की सहायता से 50 से अधिक पेड़ काट दिए गए। इस मामले की मनपा के उद्यान विभाग को कानोकान खबर तक नहीं हुई।
स्थानीय नागरिकों से जानकारी मिलने पर पर्यावरण संवर्धन से जुड़े कार्यकर्ता सचिन खोब्रागड़े समेत अन्य ने उद्यान विभाग के उपायुक्त गणेश राठौड़ को सूचना दी। इसके बाद धरमपेठ जोन के वृक्ष अधिकारी विशाल जामदड़े ने पेड़ों के अवशेष का पंचनामा किया। सचिन खोब्रागड़े समते अन्य ने सीताबड़ी थाने में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई को लेकर मामला दर्ज कराया है।
म्यूर अस्पताल परिसर में 16 एकड़ जमीन मौजूद है। इस जमीन को अस्पताल ने स्वयंसेवी संस्था के माध्यम से निजी बिल्डर को सौंपी है। इस इलाके में कई रिहायशी घर के मालिकों को जमीन खाली करने के लिए निर्देश दिया गया था। इसका नागरिकों द्वारा विरोध किया जा रहा था। ऐसे में शुक्रवार की सुबह अचानक जेसीबी की सहायता से करीब 50 से अधिक मजबूत और हरे पेड़ों को पूरी तरह से साफ कर दिया गया। इस संबंध में जब सचिन खोब्रागड़े, प्राची माहुरकर, प्रीति पटेल ने पेड़ कटाई की अनुमति पत्र की मांग की, तो पत्र नहीं दिखाया गया। उसके बाद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
Created On :   19 Sept 2026 3:51 PM IST















