करतूत: पुणे के तीन आरोपियों ने एडमिशन का झांसा देकर लगाया 50 हजार का चूना, धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज

पुणे के तीन आरोपियों ने एडमिशन का झांसा देकर लगाया 50 हजार का चूना, धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज
  • कंप्यूटर साइंस में एडमिशन दिलाने का झांसा
  • नागपुर की महिला से 50 हजार रुपए ठग लिए
  • पुणे के तीन आरोपियों ने पीड़ित परिवार का फोन उठाना बंद कर दिया

डिजिटल डेस्क, नागपुर। पुणे के तीन आरोपियों ने कंप्यूटर साइंस में एडमिशन दिलाने का झांसा देकर नागपुर की महिला से 50 हजार रुपए ठग लिए। रकम लेने के बाद आरोपियों ने महिला और उसके परिवार का फोन उठाना बंद कर दिया। इस मामले में तहसील पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। फिलहाल उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इतवारी निवासी तृप्ती व्यंकटेश भगत (49) गृहिणी हैं। उनके पति अधिवक्ता हैं। वर्ष 2024 में उनके पुत्र वेदांत ने कक्षा 12वीं उत्तीर्ण की थी। इसके बाद वह पुणे में कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई करना चाहता था। एडमिशन के प्रयास के दौरान पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ स्थित कंटालिस्ट एज्युकेशन एजेंसी के हिमांशु कुमार शहा, निहाल अहमद और अदनान सोहेल ने वेदांत और उसके माता-पिता से संपर्क किया।

आरोपियों ने वेदांत का विश्वकर्मा इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में एडमिशन करवाने का झांसा देकर 11 लाख रुपए की मांग की। एडवांस के तौर पर भगत परिवार ने आरोपियों को 50 हजार रुपए दिए। इसके बाद आरोपियों ने 6 लाख रुपए नकद देने के लिए कहा। हालांकि, लाखों रुपए देने के बावजूद एडमिशन की कोई गारंटी नहीं दी गई। इस पर भगत दंपति ने अपने 50 हजार रुपए वापस मांगे।

रकम वापस मांगने के बाद आरोपियों ने फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद तृप्ती भगत ने तहसील थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने हिमांशु कुमार शाह, निहाल अहमद और अदनान सोहेल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी होना बाकी है।

Created On :   18 Sept 2026 5:54 PM IST

Tags

Next Story