- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- एसआईआर के नाम पर विपक्षी वोट काटने...
Nagpur News: एसआईआर के नाम पर विपक्षी वोट काटने का संदेह, चुनाव आयोग पारदर्शिता से जानकारी दे- वडेट्टीवार

Nagpur News महाराष्ट्र में एसआईआर-2026 प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में नामों को लेकर कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर विपक्षी मतदाताओं के वोट काटे जाने का संदेह है। उन्होंने आयोग से मतदाता सूची में हुए बदलावों की पारदर्शी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। शुक्रवार को वडेट्टीवार ने पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र में स्थानांतरित, मृत और दोहरी प्रविष्टियों वाले मतदाताओं सहित करीब 2 करोड़ 66 लाख 88 हजार 478 मतदाताओं के नामों पर सवाल खड़े हुए हैं। लगभग 21 प्रतिशत मतदाताओं के अंतिम सूची से बाहर होने की आशंका है। इनमें 76 लाख 135 मतदाताओं को स्थानांतरित और 45 लाख 520 को अनुपस्थित बताया गया है। अल्पसंख्यक, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति बहुल 37 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या में बड़ी कमी हुई है। इन क्षेत्रों में कमी का आंकड़ा 29.77 प्रतिशत है। सत्तारूढ़ दल के निर्वाचन क्षेत्रों की तुलना में विपक्षी क्षेत्रों में अधिक मतदाता कम हुए हैं।
यह भी पढ़े -महाराष्ट्र में एफडीए की कार्रवाई, 12 लाख रुपए का गुटखा जब्त, 14 होटल-रेस्तरां के लाइसेंस निलंबित
बूथ वार आंकड़े जारी करने की मांग : वडेट्टीवार ने सवाल किया कि 76 लाख मतदाताओं को किस आधार पर स्थानांतरित घोषित किया गया। उन्होंने कहा-चंद्रपुर का मतदाता नागपुर आ गया या गढ़चिरौली का मतदाता नागपुर आ गया, तो उसे राज्य से बाहर स्थानांतरित कैसे माना जा सकता है? कई स्थानों पर बीएलओ के घर नहीं पहुंचने की शिकायतें मिली हैं। ऐसे में मतदाताओं के सत्यापन की प्रक्रिया पर सवाल उठते हैं। उन्होंने अंतिम सूची से पहले सत्यापन, बूथवार आंकड़े और पात्र मतदाताओं के नाम हटने पर शिकायत निवारण की व्यवस्था स्पष्ट करने की मांग की।
सूखे को लेकर सरकार पर निशाना : वडेट्टीवार ने सोयाबीन और कपास उत्पादक किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार पर टालमटोल का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसानों को तत्काल आर्थिक मदद और ठोस घोषणा की जरूरत है, लेकिन सरकार कार्रवाई नहीं कर रही है। चिमूर में सरकार के खिलाफ हल्लाबोल आंदोलन किया जा रहा है। गणपति विसर्जन के बाद मराठवाड़ा, पूर्वी विदर्भ और पश्चिमी विदर्भ में सूखे के मुद्दे पर आंदोलन की दिशा तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों के सवालों को लेकर सरकार के खिलाफ मजबूती से संघर्ष करेगी।
Created On :   18 Sept 2026 4:15 PM IST













