- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नागपुर
- /
- हाजिरी लगाकर सब्जी बेच रहे सफाई...
नागपुर मनपा: हाजिरी लगाकर सब्जी बेच रहे सफाई कर्मचारी!, सत्ता पक्ष नेता ने सदन में उठाया मुद्दा - आयुक्त को औचक निरीक्षण के निर्देश

डिजिटल डेस्क, नागपुर। उपराजधानी में सफाई कर्मचारियों की कमी और कार्यस्थल पर कर्मचारियों की गैरमौजूदगी को लेकर बुधवार को मनपा सदन में जमकर चर्चा हुई। इस दौरान सत्ता पक्ष नेता बाल्या बोरकर ने सफाई व्यवस्था से जुड़ी ऐसी जानकारी सदन के सामने रखी, जिसे सुनकर सभी हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले एक सफाई कर्मचारी हाजिरी स्टैंड पर अपनी हाजिरी लगाने के बाद काम पर जाने के बजाय घर चला जाता था और बाद में अपनी सब्जी की दुकान पर बैठकर कारोबार करता था। इतना ही नहीं, कुछ कर्मचारी अपनी जगह दूसरों से पैसे देकर सफाई का काम करवाते हैं।
बोरकर के इस खुलासे के बाद सदन में कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे। कांग्रेस नगरसेवक वसीम खान ने भी सफाई कर्मचारियों के काम नहीं करने और इसके लिए नगरसेवकों को पैसे दिए जाने का आरोप लगाया। इस मुद्दे पर सदन में हंगामे की स्थिति बनने पर महापौर ने सदन की गरिमा को देखते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी को कार्यवाही से हटाने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़े -धनुष बाण मामले पर अहम टिप्पणी, दोनों गुटों को नए निशान पर चुनाव लड़ने का दिया जा सकता था निर्देश
सत्ता पक्ष नेता बाल्या बोरकर ने मनपा आयुक्त डॉ. विपिन से सुबह करीब 5 बजे हाजिरी स्टैंड पर औचक निरीक्षण करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सुबह के समय ही सफाई कर्मचारियों की वास्तविक उपस्थिति की जांच की जानी चाहिए और ड्यूटी से गैरहाजिर रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। चर्चा के दौरान पूर्व आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर द्वारा किए गए निरीक्षण का भी हवाला दिया गया। इस मुद्दे पर कांग्रेस के दिनेश यादव, वसीम खान, अभिजीत झा, पिंटू उर्फ विजय झलके और प्रदीप पोहाने सहित अन्य नगरसेवकों ने भी समर्थन जताया।
ढाई लाख आबादी, 16 नगरसेवक, चोकिंग मशीन के नाम पर एक वाहन
आसीनगर जोन के प्रभाग 6 के नगरसेवक मोहम्मद अंसारी ने सफाई कर्मचारियों की कमी के साथ ही चोकिंग मशीन उपलब्ध नहीं होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि जोन में बड़ी आबादी के बावजूद नालियों की चोकिंग और सफाई के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध नहीं हैं। जोन की एकमात्र चोकिंग मशीन खराब होकर कबाड़ में पड़ी है। ऐसे में निजी वाहन मंगाकर चोकिंग की सफाई करानी पड़ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चोकिंग के काम में महिला सफाई कर्मचारियों को लगाने के कारण भी अपेक्षित तरीके से काम नहीं हो पा रहा है। सहायक आयुक्त गणेश राठौड़ को जानकारी दिए जाने के बावजूद इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा भी उन्होंने उठाया।
अंसारी ने बताया कि मनपा मुख्यालय में 209 पुरुष और 31 महिला सफाई कर्मचारी कार्यरत हैं। उन्होंने मांग की कि मुख्यालय में कार्यरत पुरुष कर्मचारियों को सभी प्रभागों में चोकिंग सफाई के काम में लगाया जाए, जबकि जोन में कार्यरत महिला कर्मचारियों को मुख्यालय में तैनात किया जाए।
कार्यशाला विभाग संदेह के घेरे में
आसीनगर जोन में चोकिंग मशीन उपलब्ध नहीं होने के मुद्दे पर महापौर ने कार्यशाला विभाग के कार्यकारी अभियंता राजेश गुरुमुले को जवाब देने के निर्देश दिए। गुरुमुले ने बताया कि मनपा के पास 8 छोटी और 12 बड़ी सेक्शन जेटिंग मशीनें उपलब्ध हैं। प्रत्येक जोन को दो मशीनें उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि 20 नई छोटी चोकिंग मशीनें खरीदने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इनमें से 10 मशीनें मनपा निधि और 10 मशीनें जिला नियोजन समिति के माध्यम से खरीदने का प्रस्ताव है।
इस जानकारी पर स्थायी समिति सभापति शिवानी दानी और सत्ता पक्ष नेता बाल्या बोरकर ने प्रस्ताव तैयार करने में हुई देरी को लेकर गुरुमुले को फटकार लगाई। महापौर ने सभी जोन में आवश्यकता के अनुसार चोकिंग मशीनें प्राथमिकता से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
Created On :   16 Sept 2026 7:57 PM IST











