Nagpur News: नमक के पैकेट में निकली सफेद रेत, भोजन के दौरान लोगों की शिकायत पर पड़ताल

खाने का बिगड़ा स्वाद, एफडीए करेगी जांच

Nagpur News हुडकेश्वर क्षेत्र के सावरबांधे ले-आउट में महालक्ष्मी पूजा के दौरान एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक घर में आयोजित पूजा के भोजन का स्वाद नमक में मिली सफेद रेत जैसी चीज के कारण पूरी तरह बिगड़ गया। दाल और सब्जी से लेकर हर व्यंजन में बारीक कंकड़ मिलने से हड़कंप मच गया। इस मामले की जानकारी मिलने पर अन्न व औषधि प्रशासन (एफडीए) ने जांच का आश्वासन दिया है।

इतवारी से खरीदा गया था : सावरबांधे ले-आउट निवासी रजत द्रवेकर के घर 17 सितंबर को महालक्ष्मी पूजा के उपलक्ष्य में भोजन का आयोजन किया गया था। रसोइये के माध्यम से करीब 70 लोगों के लिए खाना तैयार किया गया था। इसके लिए इतवारी बाजार से किराना खरीदा गया था, जिसमें ‘गाय छाप' नमक का पैकेट भी शामिल था। खाना बनने के बाद जब लोगों ने परोसे गए व्यंजनों का सेवन किया, तो सब्जी और दाल में लगातार बारीक कंकड़ मुंह में आने लगे। शुरुआत में कारण समझ नहीं आया, लेकिन जब चटनी बनाई गई, तो उसका स्वाद और बनावट भी वैसी ही महसूस हुई।

घुलने के बाद रेत जैसा पदार्थ : खाने में किरकिरापन महसूस होने पर परिवार को संदेह हुआ। उन्होंने नमक के पैकेट को फाड़कर पानी में डाला। जांच करने पर नमक तो आसानी से घुल गया, लेकिन पैकेट से सफेद बारीक रेत की तरह एक ऐसा पदार्थ बच गया जो रगड़ने के बाद भी नहीं घुल रहा था। इस घटना से नागरिकों के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

कोई शिकायत नहीं मिली : इस मामले में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। यदि इस तरह का मामला सामने आया है, तो यह बेहद गंभीर है। विभाग की ओर से इसकी निष्पक्ष जांच की जाएगी। -आर.आर. शाह, सहायक आयुक्त (ग्रामीण), एफडीए नागपुर


Created On :   19 Sept 2026 3:46 PM IST

Tags

Next Story